नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी20 सीरीज: 16 अक्टूबर से शुरू होंगे मैच
स्टेडियम में मिलेगा फ्री वाई-फाई, 16, 18 और 20 अक्टूबर को भिड़ेंगी दोनों टीमें; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (परसदा) एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच के लिए सज-धज कर तैयार हो रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज इसी मैदान पर खेली जाएगी। मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित होंगे। इस बड़े खेल आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई।
दर्शकों की सहूलियत और मैचों के सुचारू संचालन के लिए रायपुर कलेक्टर की अगुवाई में एक ‘लोकल सपोर्ट कमेटी’ बनाई गई है। इस समिति में रायपुर पुलिस, खेल विभाग, आरटीओ, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (सीएससीएस) के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है, ताकि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम कर सकें।
दर्शकों के लिए ओपन वाई-फाई और ऑनलाइन टिकट
मैच के टिकट ऑनलाइन बेचे जाएंगे। दर्शकों को ई-टिकट स्कैन कराने और स्टेडियम में एंट्री लेने के दौरान नेटवर्क की समस्या न हो, इसके लिए पूरे स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा बीएसएनएल को स्टेडियम और आसपास के इलाकों में निर्बाध मोबाइल नेटवर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, बनेगा ग्रीन कॉरिडोर
स्टेडियम के चप्पे-चप्पे और सभी पार्किंग एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। टिकट धारकों को तय अनुपात में पार्किंग पास जारी किए जाएंगे, जिससे जाम की स्थिति न बने। आपातकालीन मेडिकल सुविधा और वीवीआईपी आवागमन के लिए खास ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग कर स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रखेगा।
इसके साथ ही स्टेडियम के भीतर साफ पेयजल, खान-पान की गुणवत्ता, निर्बाध बिजली सप्लाई और फायर सेफ्टी के लिए अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।





