
IAS N Uma Harathi: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2022 में देशभर में तीसरी रैंक लाने वाले उमा हरथी की इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। उनकी एक तस्वीर पर वायरल हो रही है, जिसमें उनके एसपी रैंक के IPS पिता एन वेंकटेश्वरलू उनको सलाम करते नजर आ रहे हैं।
असल में उमा हरथी फिलहाल एक ट्रेनी IAS अफसर हैं, जो वर्तमान में विकाराबाद में तैनात हैं। हाल ही में वो तेलंगाना राज्य पुलिस अकादमी के एक सेमिनार में शामिल होने के लिए पहुंची थीं, जहां उनका स्वागत उनके पिता ने सैल्यूट मारकर किया। उमा हरथी के पिता एन वेंकटेश्वरलू नारायणपेट जिले के पुलिस अधीक्षक हैं।

अपनी अफसर बेटी को तेलंगाना पुलिस अकादमी में बतौर गेस्ट देखकर पिता वेंकटेश्वरलु भावुक हो गए थे। उन्होंने गर्व से अपने सामने खड़ी बेटी को जोरदार सलामी दी। इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया है। कई सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि फादर्स डे पर इससे शानदार तस्वीर कुछ और नहीं हो सकती थी।
आईएएस अधिकारी उमा हरथी तेलंगाना के नलगोंडा जिले की रहने वाली हैं। हरथी आईआईटी हैदराबाद से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं और उन्होंने यूपीएससी 2022 में AIR 3 के साथ सफलता प्राप्त की है।
IAS N Uma Harathi
आईआईटी की छात्रा होने के बावजूद उमा हरथी का लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना था। उन्होंने आईआईटी हैदराबाद से ग्रेजुएशन करने के बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। फिर भी उमा ने चार बार यूपीएससी परीक्षा दी और हर बार असफल रहीं।
उमा हरथी का जब चौथा अटेम्प्ट भी विफल रहा तो उन्होंने अपने विषय में बदलाव किया और भूगोल के बजाय मानवशास्त्र को चुना। इसके बाद पांचवें अटेम्प्ट में उन्होंने इतिहास रच दिया और देशभर में AIR 3 रैंक लेकर आईं। उन्होंने कहा था, “असफल होना ठीक है। मैं कई बार असफल हुई। बस खुद पर विश्वास रखा था कि ये हो जाएगा।”
उमा के पिता वेंकटेश्वरलु ने उन्हें सिविल सेवा में जाने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया। अपने पिता के बारे में बात करते हुए उमा ने एक इंटरव्यू में कहा था, ”वे मुझे बताते रहे कि यह देश की सेवा के लिए कितना बढ़िया विकल्प है। ये सिर्फ एक अच्छा करियर ही नहीं, बल्कि अपने देश के लिए कुछ सार्थक करने का भी मौका देती है।”
उन्होंने अन्य अभ्यर्थियों को सलाह देते हुए कहा, “प्रक्रिया को अपनाएं, परीक्षा को समझें। रणनीति, अपनी असफलताओं, बाधाओं और उतार-चढ़ाव को स्वीकार करें। बस हर चीज को स्वीकार करें, और इस तरह, भले ही आप परीक्षा पास न कर पाएं, आप दुनिया का सामना करने के लिए तैयार रहेंगे।”



