छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: 2 नवंबर को सभी जिलों में मनेगा जश्न, शासन ने तय किए मुख्य अतिथि
सशक्त नारी, युवा उड़ान' थीम पर आयोजित होंगे कार्यक्रम; मंत्री, सांसद और विधायक करेंगे शिरकत, 1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी दफ्तर

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय राज्योत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी जिलों के कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। अलग-अलग जिलों में केंद्रीय राज्य मंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
किसे किस जिले की मिली जिम्मेदारी
-
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री: जांजगीर-चांपा में संघ राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
-
कैबिनेट मंत्री: सरगुजा में रामविचार नेताम, खैरागढ़ में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखन लाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा, राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव तथा बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब अतिथि होंगे।
-
सांसद: बलौदाबाजार में बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पाण्डेय, बलरामपुर में चिंतामणि महाराज, महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेन्द्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर में लक्ष्मी वर्मा शामिल होंगे।
-
विधायक: कोरिया में भैयालाल राजवाड़े, मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़ में रेणुका सिंह, गौरेला-पेण्ड्रा में अमर अग्रवाल, कोण्डागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी तथा बस्तर में किरण देव मुख्य अतिथि रहेंगे।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा मंच इस साल राज्योत्सव का मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखा गया है। जिला मुख्यालयों में शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मंच पर स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे और जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी बांटा जाएगा।
तीन दिनों तक रोशनी से नहाएंगे सरकारी भवन राज्य स्थापना दिवस के जश्न में 1 से 3 नवंबर तक सभी सरकारी दफ्तरों और इमारतों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। राज्य शासन ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे मुख्य अतिथियों से समन्वय बनाकर आयोजन की गरिमामयी तैयारियां समय पर पूरी करें।





