छत्तीसगढ़राजनीतिराष्ट्रीय

स्मृति ईरानी के साथ अभनपुर में ‘मन की बात’ सुनने पहुंचे CM साय

बस्तर ओलंपिक से ‘हर घर मुनगा’ तक का जिक्र, मुख्यमंत्री ने कहा- आम लोगों के काम को देशभर में पहचान दिला रहा प्रधानमंत्री का कार्यक्रम

रायपुर। भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को उनके साथ अभनपुर पहुंचे। यहां अग्रवाल भवन में मुख्यमंत्री, स्मृति ईरानी और प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को देश के 140 करोड़ लोगों से जुड़ने और आम नागरिकों के असाधारण कामों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के प्रयास सामने आते हैं। ऐसे उदाहरण दूसरों को भी समाज और देश के लिए कुछ नया करने की प्रेरणा देते हैं।

बस्तर की संस्कृति और नवाचारों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं, जल संरक्षण और पोषण से जुड़े प्रयासों को जगह दी है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम के जरिए प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

उन्होंने कोरिया जिले के पांच प्रतिशत जल संरक्षण मॉडल का भी उल्लेख किया। इस मॉडल में किसान अपनी जमीन के पांच प्रतिशत हिस्से में तालाब बनाकर वर्षा जल का संचय करते हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे सिंचाई और भूजल संरक्षण में मदद मिलती है। ऐतिहासिक मल्हार के ताम्रपत्रों और ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों का उल्लेख भी प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

स्थानीय उत्पादों और जनभागीदारी पर जोर

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में प्राकृतिक कपास की खेती, बुनकरी से महिला सशक्तिकरण, हेवल नदी के पुनर्जीवन, खादी, ई-संजीवनी, डीप-टेक स्टार्टअप और श्रीअन्न की खेती जैसे विषयों पर बात की। त्योहारों में स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में विकसित छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका है। इसके लिए जनभागीदारी, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी जरूरी है।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button