Uncategorizedछत्तीसगढ़व्यापार

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी, 360 नए केंद्रों से किसानों को मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित; कहा- सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना है, नए खरीदी केंद्रों से समय और मेहनत बचेगी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस साल धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार 360 नए धान खरीदी केंद्र खोलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और उनकी आय बढ़ाना ही सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री आज राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती पर आयोजित ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह’ में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश भर से पहुंचे प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और उनकी मेहनत को सराहा।

दूर नहीं जाना पड़ेगा, भीड़ भी होगी कम सीएम साय ने कहा कि नए केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे केंद्रों पर भीड़भाड़ कम होगी और किसानों के समय और मेहनत दोनों की बचत होगी। सरकार की पूरी कोशिश है कि हर किसान आसानी से और बिना किसी झंझट के अपनी उपज बेच सके।

खेती-किसानी ही छत्तीसगढ़ की पहचान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की करीब 80 फीसदी आबादी खेती से जुड़ी है, इसलिए जब किसान खुशहाल होगा, तभी गांव और पूरा राज्य आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आज के किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई तकनीक भी अपना रहे हैं, जो बेहद सराहनीय है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ‘किसान क्रेडिट कार्ड’ (KCC) शुरू करके किसानों को महंगे कर्ज और साहूकारों के चंगुल से बचाया था। इसके साथ ही उन्होंने मनहरण लाल पाण्डेय को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने सिंचाई सुविधाओं को लेकर जीवनभर महत्वपूर्ण काम किया, जो आज भी प्रेरणा देता है।

Related Articles

Back to top button