
छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति को नया और पेशेवर आयाम देने के उद्देश्य से देश की पहली अनूठी ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग’ का भव्य शुभारंभ रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हुआ। “चलव रे संगी हॉकी खेलबो” के ऊर्जावान नारे के साथ शुरू हुई इस लीग में राष्ट्रीय ओलंपियनों और राज्य की स्थानीय प्रतिभाओं का शानदार संगम देखने को मिल रहा है।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय खेल राज्य मंत्री डॉ. रक्षा निखिल खड़से ने कहा कि केंद्र सरकार का विजन खेलों को देश के हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि हर विधा को प्रोत्साहन मिल रहा है और जल्द ही छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख ‘खेल गढ़’ के रूप में उभरेगा।
25 साल पहले आज ही भारत बना था जूनियर चैंपियन: साव
अति विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि इस लीग की गूंज पूरे राज्य में सुनाई देगी। उन्होंने याद दिलाया कि ठीक 25 साल पहले आज ही के दिन भारतीय जूनियर हॉकी टीम विश्व चैंपियन बनी थी, और उस स्वर्णिम टीम के सदस्य रहे श्री देवेश चौहान आज छत्तीसगढ़ टीम के मुख्य कोच के रूप में मार्गदर्शन दे रहे हैं। श्री साव ने विन्सेंट लकड़ा, मृणाल चौबे, रेणुका यादव और सबा अंजुम जैसी हस्तियों का स्मरण करते हुए युवाओं को अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
छह फ्रेंचाइजी टीमें और कड़ा मुकाबला
खेल विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार के अनुसार 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाली इस लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें भाग ले रही हैं:
-
चक्रधर चैंपियंस (जिंदल स्टील लिमिटेड)
-
न्यायधानी नाइट्स (एसईसीएल)
-
राजधानी रॉयल्स (श्री बजरंग पावर एंड इस्पात)
-
मैनपाट टाइगर्स (छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल)
-
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स (सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स)
-
बैलाडीला बुल्स (एनएमडीसी)
प्रत्येक 22 सदस्यीय दल में छत्तीसगढ़ के 18 स्थानीय खिलाड़ियों के साथ 4 अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे राज्य के युवाओं को शीर्ष खिलाड़ियों से तकनीकी हुनर सीखने का प्रत्यक्ष मौका मिलेगा।
स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश, सीधा प्रसारण भी उपलब्ध
प्रतियोगिता के अंतर्गत रोजाना दो मैच—शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे—खेले जा रहे हैं, जिनका संचालन हॉकी इंडिया के अधिकृत रेफरी कर रहे हैं। आम नागरिकों और युवाओं के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जबकि खेलप्रेमी इन मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर भी देख सकते हैं।





