
छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश की बहुचर्चित ‘महतारी वंदन योजना’ की 32वीं किस्त का पैसा 8 अक्टूबर 2026 को महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक से सीधे महिलाओं के खातों में (डीबीटी के जरिए) यह राशि भेजेंगे।
इस बार 32वीं किस्त के रूप में राज्य की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की रकम भेजी जाएगी। यह राशि उन महिलाओं को मिलेगी जिनका ई-केवाईसी (e-KYC) पूरा हो चुका है।
अब तक 20 हजार करोड़ से ज्यादा की मदद
राज्य सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने और उनके पोषण व स्वास्थ्य स्तर को सुधारने के उद्देश्य से 1 मार्च 2024 को महतारी वंदन योजना की शुरुआत की थी। योजना के लागू होने से लेकर अब तक 31 किस्तों में कुल 20,075.71 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता महिलाओं को दी जा चुकी है। 8 अक्टूबर को 32वीं किस्त जारी होने के बाद यह कुल आंकड़ा बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपये पहुंच जाएगा।
किसे और कितनी राशि मिलेगी?
महिला एवं बाल विकास विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने की किस्त के लिए स्वीकृत 67.38 लाख से अधिक लाभार्थियों में सामान्य पात्र महिलाओं के साथ-साथ ‘नियद नेल्लानार’ क्षेत्र के 6,903 हितग्राही भी शामिल हैं, जिन्हें उनकी 12वीं किस्त का भुगतान किया जा रहा है।
योजना के नियमों के तहत हर महीने पात्र विवाहित महिलाओं को 1,000 रुपये की मासिक सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में दी जाती है, जिससे वे अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बन सकें।





