
बक्सर। चुनाव प्रचार कर बक्सर लौट रहे गोपालगंज के MLC राजीव कुमार और गप्पु बाबू पर हमला हो गया। वे बक्सर लोकसभा चुनाव में BJP प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी के पक्ष में राजपुर विधानसभा की जनता समर्थन मांगने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ भाजपा के बक्सर जिला के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आज शाम जब गोपालगंज MLC राजीव कुमार चुनाव प्रचार कर बक्सर जिला मुख्यालय लौट रहे थे उस दौरान अकबरपुर के कुसुहि गांव में 40 से 50 लोगो ने उनके काफिले को घेर लिया। अराजकतत्वों में महिलाएं भी शामिल थीं। ये सभी लाठी डंडों से लैस थे। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले इन लोगो ने काफिले पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके कारण 2 गाड़ियों का शीशा टूट गया। कुछ लोगों को हल्की चोट भी आई। अराजकतत्व आरजेडी प्रत्याशी सुधाकर सिंह के करीबी बताए जा रहे हैं।

इधर बक्सर एसपी के निर्देश पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उन्हे सुरक्षित निकाला। पुलिस के आते ही सभी हमलावर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी की पहचान कर ली है। पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



