अंतर्राष्ट्रीयक्राइम

महादेव सट्टा ऐप का सरगना सौरभ चंद्राकर ओमान से लाया गया, रायपुर कोर्ट में पेशी

सीबीआई की विशेष टीम मस्कट से लेकर पहुंची भारत, 2 नवंबर को स्पेशल कोर्ट में खुलेगा करोड़ों के हवाला सिंडिकेट का राज

लोकतंत्र24 न्यूज़ डेस्क | देशभर में हजारों करोड़ के ऑनलाइन सट्टे का जाल फैलाने वाले महादेव ऐप के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर पर कानून का शिकंजा कस गया है। लंबे समय से विदेश में बैठकर सट्टा सिंडिकेट चलाने वाले मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को सीबीआई की स्पेशल टीम ओमान की राजधानी मस्कट से भारत ले आई है। प्रत्यर्पण के बाद अब उसे 2 नवंबर को रायपुर की सीबीआई विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। मेडिकल जांच और ट्रांजिट रिमांड की औपचारिकताएं पूरी होते ही जांच एजेंसियां उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में हैं।

रेड कॉर्नर नोटिस के जाल में फंसा मास्टरमाइंड

सौरभ चंद्राकर भारत से फरार होकर विदेश में पनाह लिए बैठा था और वहीं से पूरा नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था। भारतीय जांच एजेंसियों की सिफारिश पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। इसी आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद भारत सरकार के गृह और विदेश मंत्रालय की पहल पर ओमान सरकार को पुख्ता सबूत भेजे गए, जिसके बाद प्रत्यर्पण को हरी झंडी मिली और सीबीआई टीम उसे सुरक्षित भारत ले आई।

फ्रेंचाइजी मॉडल और म्यूल खातों का खेल

महादेव ऐप का जाल सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में फैला हुआ था। क्रिकेट, फुटबॉल और कैसीनो गेम्स के नाम पर लोगों को फंसाने के लिए फ्रेंचाइजी मॉडल पर पैनल और ब्रांच बांटी गई थीं। सट्टे की काली कमाई को सफेद करने और विदेश भेजने के लिए गरीबों और आम लोगों के नाम पर खोले गए ‘म्यूल बैंक खातों’ का इस्तेमाल किया गया। इन खातों से पैसा घुमाकर हवाला के जरिए सीधे विदेश बैठे आकाओं तक पहुंचाया जाता था।

सिंडिकेट को बचाने बांटी गई प्रोटेक्शन मनी

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस अवैध धंधे को बिना किसी रुकावट के चलाने के लिए सरकारी तंत्र, सफेदपोशों और पुलिसकर्मियों को भारी-भरकम ‘प्रोटेक्शन मनी’ दी जाती थी। अब जब सौरभ गिरफ्त में है, तो पूछताछ में उन बड़े चेहरों के नाम सामने आने की पूरी उम्मीद है जो इस सिंडिकेट को पर्दे के पीछे से संरक्षण दे रहे थे।

ईडी और सीबीआई का कसा शिकंजा

छत्तीसगढ़ सरकार की सिफारिश पर सीबीआई इस केस की जांच कर रही है और दो मामलों में चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देश-विदेश में करोड़ों की संपत्तियां सीज की हैं। सौरभ चंद्राकर के रिमांड पर आते ही हवाला की रकम, लेन-देन की कड़ियां और सिंडिकेट से जुड़े रसूखदारों की नींद उड़ना तय माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button