
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ऑनलाइन फर्जी वीडियो और चैट ऐप में मौजूद एआई (AI) टूल के भ्रमजाल में आकर एक युवक ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। सन्ना गांव में 27 वर्षीय कृषि मजदूर ने जल्दी अमीर बनने और मानव अंग बेचने की सनक में अपने ही चचेरे भाई के 4 वर्षीय मासूम बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी सहित अन्य अंग निकालकर प्लास्टिक की थैली में रख लिए और शव को खेत में छिपा दिया। जशपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब पिलाई, फिर बच्चे को घर ले जाकर मार डाला
पुलिस के अनुसार, सन्ना गांव निवासी आरोपी बासुदेव कोरवा उर्फ तंगनु और उसका चचेरा भाई रामजीत राम (36) आसपास की झोपड़ियों में रहते हैं। 5 नवंबर को बासुदेव ने पहले रामजीत को शराब पिलाई। जब वह नशे में धुत हो गया, तो आरोपी उसके 4 साल के बेटे को मुर्गा (चिकन) खिलाने का झांसा देकर अपनी झोपड़ी में ले गया। वहां उसने धारदार हथियार से मासूम का गला रेत दिया। इसके बाद उसने बच्चे के शरीर से किडनी व अन्य अंदरूनी अंग निकाले और उन्हें एक पॉलिथीन बैग में भरकर रख लिया। वारदात के बाद आरोपी ने शव को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर कंबल में लपेटकर फेंक दिया।
अगले दिन जब परिजनों ने बच्चे की तलाश शुरू की, तो ग्रामीणों को खेत के पास उसका शव मिला। एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि बच्चे को आखिरी बार बासुदेव के साथ देखा गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
एआई (AI) और अंग्रेजी ग्रुप्स के जरिए जाल में फंसा
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) लाल उमेद सिंह के अनुसार, आरोपी बासुदेव कोरवा रोज चंद सौ रुपये की मजदूरी करता था और कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के तरीके ढूंढ रहा था।
-
अंग्रेजी चैट ग्रुप्स: आरोपी ने मैसेजिंग ऐप पर पैसे कमाने के कई ग्रुप जॉइन किए थे। चूंकि सभी मैसेज अंग्रेजी में थे और वह ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं था, इसलिए उसे बातें समझ नहीं आ रही थीं।
-
हिंदी AI असिस्टेंट की भूमिका: ऐप में मौजूद इन-बिल्ट एआई (AI) असिस्टेंट ने अंग्रेजी टेक्स्ट को हिंदी में अनुवाद कर उसके सवालों के जवाब देने शुरू किए। बातचीत के दौरान एआई व ऐप के जरिए वह इंटरनेट पर कई बाहरी साइट्स और वीडियो लिंक तक पहुंचा।
-
अंग तस्करी का वीडियो: इंटरनेट ब्राउजिंग के दौरान आरोपी ने मानव अंग बेचकर रातों-रात अमीर बनने से जुड़ा एक भ्रामक वीडियो देखा। कम समझ और अंधविश्वास के चलते वह इस बात को सच मान बैठा कि दिल्ली से कोई खरीदार आएगा और उसके “प्रिजर्व” किए गए अंगों को लाखों रुपये में खरीद लेगा।
एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी को ऑर्गन ट्रांसप्लांट के वैज्ञानिक नियमों या मेडिकल प्रक्रियाओं की कोई समझ नहीं थी और न ही उसके पास अंगों का कोई वास्तविक खरीदार था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।




