
जशपुर के दूर-दराज गांवों में अब कंप्यूटर और इंटरनेट की पढ़ाई के लिए बच्चों और युवाओं को शहर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अनूठी मोबाइल वैन गांव-गांव जाकर चौपालों में खड़ी होगी और ग्रामीणों को डिजिटल दुनिया की बारीकियां सिखाएगी। एनआईआईटी फाउंडेशन और इंडस टावर्स के साझे प्रयास से शुरू की गई इस पहल का मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल खाई को पाटना और हर वर्ग को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है।
हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री श्री साय खुद वैन के अंदर पहुंचे और वहां लगी आधुनिक सुविधाओं व प्रशिक्षण सेटअप का मुआयना किया। उन्होंने वैन में लगे आधुनिक सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए सीधे ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भाग लिया और तकनीकी व्यवस्था को परखा। मुख्यमंत्री ने संस्थाओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि आज के समय में डिजिटल साक्षरता सिर्फ जानकारी भर नहीं, बल्कि पढ़ाई-लिखाई, नए रोजगार, स्वरोजगार और खुद के पैरों पर खड़े होने का मजबूत जरिया बन चुकी है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युग पूरी तरह तकनीक का है। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को अगर वक्त रहते डिजिटल शिक्षा और तकनीकी हुनर से जोड़ दिया जाए, तो वे आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह चलती-फिरती डिजिटल लैब ग्रामीण महिलाओं और युवाओं के कौशल को निखारकर उन्हें सीधे दुनिया से जोड़ने का काम करेगी, जिससे उनके लिए तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे।
यह डिजिटल वैन जशपुर विकासखंड के अलग-अलग गांवों का दौरा करेगी। वैन में 12 से लेकर 60 वर्ष तक के नागरिकों को एक महीने का खास और पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बेसिक कंप्यूटर ज्ञान, इंटरनेट सर्फिंग, मोबाइल और डिजिटल डिवाइस का सही उपयोग सिखाया जाएगा। इसके साथ ही आज के सबसे बड़े खतरे यानी ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के जरूरी टिप्स दिए जाएंगे, ताकि वे सुरक्षित तरीके से डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाओं का फायदा उठा सकें।
यह वैन असल में एक चलता-फिरता हाईटेक ट्रेनिंग सेंटर है। इससे ग्रामीण बच्चों, युवाओं और महिलाओं को कंप्यूटर सीखने के लिए किराए-भाड़े का खर्च उठाकर शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। घर के दरवाजे पर ही आधुनिक तकनीक की क्लास लगने से ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव और सुनील गुप्ता समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र राठौर, इंडस टावर्स के प्रतिनिधि रजनीश और पूरी टीम भी इस मौके पर उपस्थित रही।




