
जशपुर जिले के फरसाबहार ब्लॉक के बनगांव में इस बार करम पूजा महोत्सव की जबर्दस्त धूम रही। आंचलिक करम पूजा महोत्सव 2026 के समापन कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे। पारंपरिक उरांव वेशभूषा में सजे-धजे 6 हजार से ज्यादा लोगों के साथ सीएम ने न सिर्फ करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना की, बल्कि जब मांदर और ढोल-नगाड़ों की गूंज उठी, तो वे खुद को रोक नहीं पाए और नर्तक दलों के साथ कदम से कदम मिलाकर जमकर थिरके। मुख्यमंत्री को अपने बीच पारंपरिक अंदाज में नाचते देख पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर बनगांव और आसपास के ग्रामीणों को बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए और मजबूत सीसी रोड बनाने के लिए 20 लाख रुपए मंजूर करने का ऐलान किया। इसके साथ ही ग्रामीणों की मांग पर बनगांव में पारंपरिक ‘अखड़ा’ निर्माण और सहसपुर में युवाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त मिनी स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपरा और प्रकृति के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। हमारे पुरखों ने हमेशा प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर जीना सिखाया है। सीएम ने कहा कि आज के दौर में आधुनिक शिक्षा और विकास बेहद जरूरी है, लेकिन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, पारंपरिक बोलियों, लोकगीतों और संस्कृति को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती और गुंडाधुर जैसे वीर नायकों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके दिखाए रास्ते पर चलने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हर वर्ग के भले के लिए काम कर रही है। ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए वादों को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत माताओं-बहनों को दीपावली से पहले 33वीं किस्त जारी कर दी गई है। किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है और भूमिहीन मजदूरों को साल में 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। गरीबों के लिए हर दिन करीब 1600 पक्के मकान तैयार हो रहे हैं। वहीं रामलला दर्शन योजना से अब तक 50 हजार से ज्यादा लोग अयोध्या दर्शन कर चुके हैं।
जशपुर जिले का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि अब जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी बनाई जा रही है। बिजली व्यवस्था सुधारने कुनकुरी के हर्राडांड़ में 400 केवी का बड़ा सब-स्टेशन बन रहा है। बस्तर से लेकर सरगुजा तक अब नक्सलवाद का खात्मा हो रहा है और शांति के साथ विकास की नई राह खुल रही है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे प्रदेश को करम परब की बधाई दी।




