अंतर्राष्ट्रीयमनोरंजनराष्ट्रीय

13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा छठ महापर्व, 15 नवंबर को लोकगीत की शाम

डूबते सूरज को अर्घ्य, उगते सूर्य को प्रणाम: छठ महापर्व में प्रकृति, आस्था, तपस्या और स्वच्छता का दिखेगा अद्भुत संगम, महाआरती से सजेगी आस्था की शाम

छत्तीसगढ़ में भी छठ की यही आस्था अब बड़े उत्सव का रूप ले चुकी है। रायपुर में 13 नवंबर से चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी। खारुन नदी के महादेव घाट सहित शहर के 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा की तैयारी की जा रही है। छठ महापर्व आयोजन समिति महादेवघाट ने इस वर्ष भी पर्व को भव्यता और पारंपरिक तरीके से मनाने की तैयारी की है। 13 से 16 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

चार दिन तक आस्था और तपस्या की परंपरा

इस साल छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। पहले दिन व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ पूजा और प्रसाद की तैयारी करते हैं। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन पूरे दिन उपवास के बाद शाम को पूजा कर प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू होता है।

15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। श्रद्धालु नदी और तालाबों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इस दौरान व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार और समाज की खुशहाली की कामना करते हैं।

लोकगीत, नृत्य और महाआरती का आयोजन

रायपुर के महादेव घाट पर 15 नवंबर की शाम विशेष आयोजन होगा। शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। अंतरराष्ट्रीय लोक गायिका गायत्री यादव (लखनऊ), लोक गायक मुकुल सिंह और लोक गायिका इशरत जहां केडिया (मुंबई) छठ गीतों की प्रस्तुति देंगी।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी लोकधारा के कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम अंतरराष्ट्रीय नृत्य नाटिका एवं झांकी की प्रस्तुति देगी। शाम को महादेव घाट पर महाआरती भी होगी। इससे घाट पर भक्ति और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना

छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। दुनिया के अधिकांश धार्मिक आयोजनों में उगते सूर्य को नई ऊर्जा और जीवन का प्रतीक मानकर पूजा जाता है, लेकिन छठ में अस्त होते सूर्य को भी समान श्रद्धा और सम्मान दिया जाता है। यह जीवन के हर पड़ाव को स्वीकार करने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता जताने का संदेश देता है।

यह पर्व सूर्य देव और उनकी बहन छठी मइया को समर्पित है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाया जाने वाला यह लोकपर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में लोकप्रिय है। समय के साथ इसकी आस्था देश की सीमाओं से बाहर भी पहुंच गई है। नेपाल, मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम और गुयाना जैसे देशों में भी छठ की परंपरा पूरे उत्साह से निभाई जाती है।

छठी मइया स्वच्छता की ब्रांड एंबेसडर

छठ महापर्व की एक और खास पहचान इसकी स्वच्छता परंपरा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह का कहना है कि छठ महापर्व स्वच्छता का सबसे बड़ा प्रतीक है। उनका कहना है कि आज देश में स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन छठ की परंपरा सदियों से लोगों को साफ-सफाई और शुद्धता का संदेश देती आ रही है।

इस पर्व में घर से लेकर पूजा स्थल और घाट तक सफाई की जाती है। व्रती पूरी शुद्धता के साथ प्रसाद तैयार करते हैं। समाज के लोग समूह बनाकर सड़कों और घाटों की सफाई करते हैं। इसी भावना को रेखांकित करते हुए समिति ने छठी मइया को दुनिया की सबसे बड़ी स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बताया है। छठ का संदेश साफ है कि पूजा सिर्फ हाथ जोड़ने से नहीं, बल्कि अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने से भी पूरी होती है।

50 से अधिक घाटों पर तैयारी, प्रशासन भी जुटा

आयोजन समिति के मुताबिक रायपुर में महादेव घाट, व्यास तालाब सहित 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा होगी। नवा रायपुर के झांझ तालाब में भी भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से खारुन नदी के महादेव घाट सहित दूसरे पूजा स्थलों की सफाई कराई जा रही है।

समिति अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी छठ पूजा को भव्यता और पारंपरिकता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। आयोजन की तैयारियों में समिति के उप प्रमुख कन्हैया सिंह, संतोष सिंह, प्रचार-प्रसार सचिव ब्रजेश सिंह, सह सचिव राकेश सिंह और अन्य सदस्य जुटे हैं।

छठ महापर्व की असली खूबसूरती यही है कि यहां आस्था के साथ दिखावा नहीं, बल्कि अनुशासन और समर्पण दिखाई देता है। न कोई बड़ा-छोटा, न कोई भेदभाव। सभी एक घाट पर खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। यही समानता, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान छठ को लोकआस्था का सबसे विशिष्ट महापर्व बनाता है।

 

Related Articles

Back to top button