खेल

मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए 5 दलों के कुल 43 खिलाड़ी व कोच चयनित, सूची जारी

वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 82 लोगों को दिए जाएंगे पुरस्कार और सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए तीन साल बाद बड़ी खबर सामने आई है। राज्य शासन ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के खेल अलंकरणों के लिए चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों की सूची जारी कर दी है। तीनों वर्षों के लिए कुल 82 लोगों का चयन किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए पांच दलों से जुड़े 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को चुना गया है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तीन वर्षों के लंबित खेल अलंकरणों को एक साथ प्रदान करने की तैयारी पूरी कर ली है। चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को अलग-अलग श्रेणियों में राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार और सम्मान दिए जाएंगे।

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर 29 अगस्त को राजधानी रायपुर में राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और उन्हें तैयार करने वाले प्रशिक्षकों को मंच पर सम्मान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए कुल 5 दलों का चयन किया गया है। इन दलों में शामिल 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। चयनित दलों और उनके सदस्यों की सूची भी शासन ने जारी कर दी है।

समारोह में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ मुख्यमंत्री ट्रॉफी भी दी जाएगी।

राज्य सरकार का यह आयोजन खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मान देने के साथ खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम बनेगा। तीन वर्षों के पुरस्कार एक साथ मिलने से चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए यह समारोह खास माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button