नेपाल में तबाही, छत्तीसगढ़ अलर्ट, छत्तीसगढ़ के फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
सीएम साय ने जताया दुख, बोले- संकट में हर नागरिक के साथ खड़ी है सरकार

रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी है। भीषण प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल वक्त में पूरा भारत नेपाल के पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ा है। मुख्यमंत्री साय ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने और आपदा के बीच लापता लोगों के सुरक्षित होने की कामना की है।
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के चलते छत्तीसगढ़ के कुछ नागरिकों के फंसे होने की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने तत्काल सहायता व्यवस्था शुरू की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर फंसे नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। राज्य के नागरिक या उनके परिजन किसी भी तरह की सहायता और जरूरी जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा +91-771-2223471 नंबर पर भी जानकारी और सहायता ली जा सकती है।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षित वापसी और उन्हें हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से काम किया जाए। सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के मुताबिक सहायता बढ़ाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने नागरिकों को अकेला नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि फंसे लोगों की जानकारी जुटाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस लाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से प्रयास कर रही है।
सीएम साय ने नेपाल में हुई जनहानि को लेकर संवेदना जताते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में भारत की एकजुटता नेपाल के पीड़ितों के साथ है। राज्य सरकार भी मानवीय आधार पर हर संभव सहायता के लिए तैयार है।





