छत्तीसगढ़मनोरंजनराजनीति

राज्योत्सव में 36 विभूतियों को राज्य अलंकरण, नवा रायपुर में गूंजा सम्मान का जयघोष

गृह मंत्री अमित शाह ने साहित्य, कला, खेल और समाजसेवा की हस्तियों को मंच से नवाजा; स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर दिखा प्रदेश का गौरव

रायपुर, 3 नवंबर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ का अवसर नवा रायपुर के लिए ऐतिहासिक गौरव का गवाह बना। राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की 36 विभूतियों और अग्रणी संस्थाओं को राज्य के सर्वोच्च सम्मान यानी ‘राज्य अलंकरण पुरस्कारों’ से विभूषित किया। साहित्य, संस्कृति, कला, खेल, पत्रकारिता, सहकारिता और जनजातीय उत्थान के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले साधकों को जब मंच से यह सम्मान सौंपा गया, तब समूचा पंडाल करतल ध्वनि से गूंज उठा।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, समृद्ध परंपरा और विकास यात्रा में इन विभूतियों का योगदान मील का पत्थर है। यह सम्मान न केवल उनके समर्पण की पहचान है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए एक नई प्रेरणा भी है।

अलंकरण से सम्मानित प्रमुख विभूतियां और संस्थाएं

जनजातीय चेतना, नारी शक्ति एवं समाजसेवा

  • शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान: श्री डुमन लाल ध्रुव (धमतरी) – आदिवासी सामाजिक चेतना और उत्थान हेतु।

  • यति यतनलाल सम्मान: विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी (दुर्ग) – अहिंसा एवं गोरक्षा के लिए।

  • मिनीमाता सम्मान: लोक आस्था सेवा संस्थान, गरियाबंद (सुश्री लता नेताम) – महिला उत्थान एवं जनजागृति।

  • गुरु घासीदास सम्मान: श्री सुखचंद भास्कर (कबीरधाम) – सामाजिक समरसता और दलित उत्थान।

  • माता बहादुर कलारिन सम्मान: श्रीमती बुलबुल बैदया (कांकेर) – महिला उत्पीड़न के विरुद्ध संघर्ष।

  • संत रविदास सम्मान: श्री जगदीश प्रसाद देशमुख (बालोद) – सामाजिक समरसता एवं साहित्य।

  • डॉ. भंवरसिंह पोर्ते सम्मान: श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर (श्री सी. श्रीनिवास यंगम) – जनजातीय स्वास्थ्य व आर्थिक उत्थान।

  • पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान: तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, नेहरू नगर (बिलासपुर) – सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्य।

  • महाराजा अग्रसेन सम्मान: श्री बाबूलाल अग्रवाल (रायगढ़) – सामाजिक समरसता के लिए।

खेल एवं युवा प्रतिभा

  • गुण्डाधूर सम्मान: सुश्री संजू देवी (कोरबा) – विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु।

  • महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान: श्री टोमन कुमार (बालोद) – तीरंदाजी में उल्लेखनीय सफलता।

कला, रंगकर्म, सिनेमा और संगीत

  • किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण: श्री मोहन सुंदरानी (रायपुर) – सिनेमाई निर्देशन के लिए।

  • किशोर साहू सम्मान: श्री सैयद ताहिर अली ‘करन खान’ (रायपुर) – अभिनय, पटकथा एवं सिनेमाई योगदान।

  • हबीब तनवीर सम्मान: डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर (रायपुर) – समकालीन रंगकर्म व नाटकों के लिए।

  • चक्रधर सम्मान: डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति (रायपुर) – शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य साधना हेतु।

  • दाऊ मंदराजी सम्मान: श्रीमती रेखा जलक्षत्री (रायपुर) – लोक नाट्य एवं लोक शिल्प।

  • डॉ. तीज़न बाई सम्मान: श्री चेतन लाल देवांगन, पाहंदा (दुर्ग) – पंडवानी कला साधना।

  • लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान: श्रीमती साधना यादव (दुर्ग) – छत्तीसगढ़ी लोकगीत।

  • खुमान साव सम्मान: श्री चंद्रभूषण वर्मा (रायपुर) – लोक संगीत संवर्धन।

  • देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार: श्री सी.एल. रात्रे, आरंग (रायपुर) – पंथी नृत्य।

पत्रकारिता, साहित्य और विधि

  • माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान: श्री अनंत विजय (गाजियाबाद, उप्र) – रचनात्मक लेखन व हिंदी सेवा।

  • चंदूलाल चंद्राकर पत्रकारिता पुरस्कार (प्रिंट): श्री प्रमोद कुमार साहू (रायपुर)।

  • चंदूलाल चंद्राकर पत्रकारिता पुरस्कार (इलेक्ट्रॉनिक): श्री बरुण सखाजी एवं सुश्री रसिका पांडेय (संयुक्त रूप से, रायपुर)।

  • मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार: श्री शिशिर रॉय चौधरी (रायपुर) – अंग्रेजी प्रिंट मीडिया।

  • पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान: डॉ. बिहारीलाल साहू (रायगढ़) – हिंदी साहित्य।

  • लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार: श्री दुर्गा प्रसाद पारकार (दुर्ग) – आंचलिक साहित्य व लोक कविता।

  • राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज पुरस्कार: डॉ. बहुरन सिंह पटेल (रायपुर) – संस्कृत भाषा प्रसार।

  • बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान: श्री कौस्तुभ शुक्ला (दिल्ली) एवं श्री हेमन्त कुमार मिश्र (रायपुर) – संयुक्त रूप से विधि क्षेत्र में।

कृषि, श्रम, अनुसंधान, पर्यटन एवं अन्य

  • डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न: श्री पुन्नीदास भट्ट (कबीरधाम) – उन्नत कृषि।

  • श्रीमती बिलासादेवी केंवट पुरस्कार: श्री प्रदीप कुमार सोनी (बालोद) – मत्स्य पालन।

  • ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार: प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति, चित्रकोट (बस्तर) – सहकारिता।

  • धन्वन्तरि सम्मान: डॉ. दिनेश कुमार नाग (धमतरी) – आयुर्वेद चिकित्सा एवं शोध।

  • पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान: श्री सुरेश कुमार ध्रुव, डीएसपी (रायपुर) – अपराध अनुसंधान।

  • स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव श्रम यशस्वी पुरस्कार: अल्ट्राटेक सीमेंट, यूनिट कुकुरडीह (बलौदाबाजार)।

  • छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान: श्रीमती दीपाली सरावगी (दंतेवाड़ा) – विदेशों में सामाजिक व मानव संसाधन कल्याण।

  • चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार: श्री सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सन्नी’ (कबीरधाम) – ग्रामीण पर्यटन।

समारोह का संदेश

राज्योत्सव के इस गरिमामय मंच ने एक बार फिर यह साबित किया कि छत्तीसगढ़ की माटी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरगुजा से लेकर बस्तर तक की सामाजिक, सांस्कृतिक और आंचलिक विविधता को एक सूत्र में पिरोते हुए इन अलंकरणों ने प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और उज्ज्वल भविष्य को नई ऊर्जा प्रदान की।

Related Articles

Back to top button