छत्तीसगढ़राष्ट्रीयव्यापार

छत्तीसगढ़ की 5 कोयला खदानों को 5 स्टार रेटिंग, भूमिगत खदानों ने भी देशभर में बनाई पहचान

केंद्रीय कोयला मंत्रालय ने जारी की वित्त वर्ष 2024-25 की रेटिंग, SECL की तीन खदानों समेत सरकारी और निजी क्षेत्र की खदानों को मिला सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पांच कोयला खदानों ने देशभर में अपनी पहचान बनाई है। केंद्रीय कोयला मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन में इन खदानों को पांच सितारा रेटिंग दी है। इनमें तीन भूमिगत और दो ओपनकास्ट खदानें शामिल हैं। देश की 50 खदानों को इस श्रेणी में चुना गया है। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने पुरस्कार समारोह में खदानों को सम्मानित किया।

छत्तीसगढ़ की पांच खदानों में दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की तीन भूमिगत खदानें शामिल हैं। इनमें बंगवार अंडरग्राउंड, खैराहा UG और बहेराबांध UG खदान को पांच स्टार रेटिंग मिली है। भूमिगत खनन में सुरक्षा और तकनीकी चुनौतियों के बीच इन खदानों ने बेहतर प्रदर्शन किया।

वहीं, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड की गेरे पेलमा सेक्टर-III कोल माइन और पारसा केंटे कोलियरीज लिमिटेड की पारसा ईस्ट एंड कांटा बासन ओपनकास्ट खदान को भी यह सम्मान मिला है। इस तरह सरकारी और निजी क्षेत्र की खदानों ने रेटिंग में जगह बनाई है।

सिर्फ उत्पादन नहीं, सुरक्षा भी पैमाना

खदानों को पांच सितारा रेटिंग देने के लिए केवल कोयला उत्पादन को आधार नहीं बनाया जाता। इसमें उत्पादन क्षमता, कामकाज की दक्षता, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, कर्मचारियों की सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन और स्थानीय लोगों के कल्याण जैसे पैमानों पर मूल्यांकन किया जाता है।

देशभर में सम्मानित 50 खदानों में 15 भूमिगत और 35 ओपनकास्ट खदानें हैं। इस रेटिंग का उद्देश्य खनन कंपनियों के बीच सुरक्षित, वैज्ञानिक और पर्यावरण के अनुकूल खनन को बढ़ावा देना है। छत्तीसगढ़ की पांच खदानों को मिला सम्मान राज्य के कोयला क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Related Articles

Back to top button