
रायपुर। छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के भय और हिंसा से निकलकर विकास और समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। आने वाले 10 साल में प्रदेश की तस्वीर बदलने का दावा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे। उन्होंने कहा कि कभी छत्तीसगढ़ को लेकर कहा जाता था कि यहां की धरती अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि आने वाले समय में यह स्थिति बदलेगी।
अमित शाह मंगलवार को नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन और राज्य अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस मौके पर शाह ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान प्रदान किए। उन्होंने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में 632.63 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई।
अटल जी ने बनाया, मोदी ने संवारा
राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में अटल जी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा दिया था। इसके पीछे क्षेत्र की जनता को विकास के बेहतर अवसर देने और उनकी आकांक्षाओं को पहचान दिलाने का उद्देश्य था। शाह ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारने का काम किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई का जिक्र
शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाकों ने लंबे समय तक नक्सली हिंसा और भय का सामना किया। जिन जंगलों की पहचान महुआ, तेंदूपत्ता और लोकगीतों से होनी चाहिए थी, वहां बारूदी सुरंगें बिछाई गईं। बच्चों के हाथों में किताब और कलम की जगह हथियार थमाने की कोशिश हुई। स्कूल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी हिंसा की भेंट चढ़ीं।
उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में केंद्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों के साहस और बलिदान की सराहना की। साथ ही बस्तर के लोगों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया। शाह ने कहा कि सरकार की नीति साफ है। हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने वालों को मुख्यधारा में लौटने का मौका दिया जा रहा है, जबकि निर्दोष लोगों की जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पीड़ितों के पुनर्वास पर भी बात
केंद्रीय गृह मंत्री ने नक्सली हिंसा में दिव्यांग हुए लोगों के पुनर्वास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार की बात करते समय हिंसा के शिकार निर्दोष नागरिकों, आदिवासियों, बच्चों और सुरक्षाकर्मियों के अधिकारों को भी ध्यान में रखना चाहिए।
पर्यटन और रोजगार के खुलेंगे रास्ते
शाह ने कहा कि नक्सलवाद के कारण बस्तर सहित कई इलाकों की पर्यटन संभावनाएं विकसित नहीं हो पाईं। अब शांति और सुरक्षा का माहौल बनने से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां बम्लेश्वरी और मां दंतेश्वरी मंदिर का उल्लेख किया। बस्तर दशहरा जैसी सांस्कृतिक परंपराओं को भी उन्होंने प्रदेश की पहचान बताया। उनके मुताबिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और हस्तशिल्प तथा पारंपरिक उत्पादों को बाजार मिलेगा।
लोकसंस्कृति को पहचान, नवा रायपुर बनेगा पीपल सिटी
शाह ने गुरु घासीदास के सामाजिक समानता के संदेश और गुरु नानक देव की सेवा एवं सत्य की शिक्षाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन जनजातीय संस्कृति, खेल प्रतिभाओं और परंपराओं को पहचान दे रहे हैं।
इस मौके पर नवा रायपुर को पीपल सिटी के रूप में विकसित करने का संकल्प भी सामने रखा गया। इसके लिए पांच लाख पीपल के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया विकास का नया अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद के अवरोध दूर होने से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई गति मिलेगी। शांति का वातावरण बनने से उन क्षेत्रों तक विकास योजनाएं पहुंचाने का रास्ता खुलेगा, जो लंबे समय तक हिंसा से प्रभावित रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक विकास के अवसर पहुंचाना है।




