बस्तर के बीहड़ों में गूंजा पराक्रम: 15 जांबाजों को मिला ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक 2026
एंटी-नक्सल ऑपरेशन में अदम्य साहस दिखाने वाले एसपी से लेकर बस्तर फाइटर्स की महिला जवान तक को राष्ट्रीय सम्मान, अमित शाह की मंजूरी के बाद आदेश जारी

‘रायपुर। बस्तर के दुर्गम जंगलों में अपनी जान हथेली पर रखकर लाल आतंक के खिलाफ लोहा लेने वाले छत्तीसगढ़ पुलिस के 15 जांबाजों ने राष्ट्रीय पटल पर राज्य का मान बढ़ाया है। 22 सितंबर 2025 को चलाए गए विशेष नक्सल विरोधी अभियान में साहसिक और रणनीतिक सफलता दर्ज करने वाले इन अधिकारियों व जवानों को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ से नवाजा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की औपचारिक स्वीकृति मिलने के बाद गृह मंत्रालय के पुलिस-I डिवीजन (PMA सेल) ने इस संबंध में आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
अफसरों की रणनीति और जवानों के अदम्य साहस का सम्मान
इस पदक सूची की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कमान संभालने वाले आईपीएस अधिकारियों से लेकर बीहड़ों में सीधे मोर्चा लेने वाले मैदानी आरक्षकों और स्थानीय युवाओं से तैयार ‘बस्तर फाइटर्स’ के जवानों को एक समान गौरव मिला है। फ्रंट फुट पर नेतृत्व करने वाले एसपी रॉबिन्सन गुरिया, तीन एडिशनल एसपी—अक्षय प्रमोद सबद्रा, अजय कुमार व सुशील कुमार नायक सहित डीएसपी आशीष कुमार नेताम और सब-इंस्पेक्टर महेन्द्र पोटाई को इस सम्मान के लिए चुना गया है।
बस्तर फाइटर्स की जांबाज महिला जवान ने भी लहराया परचम
जमीन पर हर खतरे से टकराने वाले हेड कांस्टेबल पुरुषोत्तम कुपाल, रामकुमार डार्रो और कांस्टेबल भुनेश्वर मरकाम, जैनु राम दुग्गा, लक्ष्मण राम कोर्राम व सोमारू राम वड्डे का नाम भी पदक विजेताओं में शुमार है। इसके साथ ही घने जंगलों की भौगोलिक परिस्थितियों में निपुण ‘बस्तर फाइटर्स’ के जवान राजेश सलाम, चमन लाल और महिला जवान लिकेश्वरी नाग को भी दक्षता पदक मिला है। महिला आरक्षक लिकेश्वरी नाग की यह उपलब्धि नक्सल मोर्चे पर महिला सशक्तिकरण की एक मजबूत मिसाल बनकर उभरी है।




