BSP के 3,946 आवासधारियों को राहत, रिटेंशन मकानों का किराया 75% घटा
500 वर्गफीट के मकान पर 9 हजार की बचत, 3,946 आवासधारियों को मिलेगा फायदाअब सभी को देना होगा 6 रुपए वर्गफीट, 24 से घटकर 6 रुपए हुआ किराया

रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को आवास किराए में बड़ी राहत मिली है। रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के मकानों का किराया घटाकर अब 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल के बाद बीएसपी प्रबंधन ने यह फैसला लिया है। इससे कुल 3,946 आवासधारियों को फायदा मिलने का अनुमान है। इनमें बड़ी संख्या सेवानिवृत्त कर्मचारियों की है, जो लंबे समय से बढ़े हुए किराए को लेकर परेशान थे।
बीएसपी टाउनशिप में रिटेंशन स्कीम के तहत रहने वाले कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पहले 24 रुपए प्रति वर्गफीट किराया तय था। अब इसे घटाकर 6 रुपए कर दिया गया है। यानी किराए में सीधे 75 प्रतिशत की कटौती हुई है। वहीं थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया भी 8 रुपए से घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट कर दिया गया है। इस श्रेणी के लोगों को 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी।
किराए में कटौती का असर कितना बड़ा होगा, इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है। अगर किसी आवास का क्षेत्रफल 500 वर्गफीट है तो पहले हर महीने 12 हजार रुपए किराया देना पड़ता था। नई दर लागू होने के बाद यह रकम घटकर 3 हजार रुपए रह जाएगी। यानी हर महीने 9 हजार रुपए और सालभर में 1 लाख 8 हजार रुपए की बचत होगी। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन पर निर्भर परिवारों के लिए यह बड़ी आर्थिक राहत है।
बीएसपी प्रबंधन के आंकड़ों के मुताबिक, नई किराया दर से कुल 3,946 आवासधारी लाभान्वित होंगे। इनमें रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवास शामिल हैं। दोनों श्रेणियों के लिए अब एक समान किराया दर लागू होगी। इससे लंबे समय से चली आ रही किराया दरों की असमानता भी खत्म होगी।
किराए में बढ़ोतरी का मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में उठाया गया था। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य आवासधारियों की आर्थिक परेशानियों पर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच भी इस मुद्दे पर बातचीत हुई। इसके बाद बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर 2026 को संशोधित आदेश जारी कर दिया।
किराया कम होने के बाद 3 नवंबर को बीएसपी के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पुराने किराए का भी होगा हिसाब
बीएसपी के संशोधित आदेश में नई दर को पूर्व प्रभाव से लागू करने का प्रावधान किया गया है। यानी संबंधित अवधि के किराए की दोबारा गणना की जा सकेगी। जिन आवासधारियों ने पहले की दर से ज्यादा किराया जमा किया है, उनकी अतिरिक्त राशि के समायोजन की प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुसार तय होगी। फिलहाल यह नई व्यवस्था आगामी आदेश तक अंतरिम रूप से लागू रहेगी।



