
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अहिवारा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशी बाई जी के निधन पर गहरा दुख जताया है। दोनों हस्तियों के चले जाने की खबर मिलते ही सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी संवेदनाएं साझा कीं।
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर शोक जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस खबर से वे पूरी तरह स्तब्ध हैं। कोर्सेवाड़ा जी बेहद सहज और मिलनसार स्वभाव के इंसान थे। वे जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर हमेशा संजीदा रहते थे और पार्टी संगठन के प्रति उनकी निष्ठा देखते ही बनती थी। इलाके के लोगों के सुख-दुख में वे हमेशा आगे खड़े रहते थे। उनका जाना पूरे प्रदेश और संगठन के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। सीएम ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में जगह दें और परिवार को यह भारी दुख सहने की हिम्मत मिले।
वहीं, दूसरी ओर सीएम साय ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के देहांत पर भी गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि मां का साया और उनका आशीर्वाद हर इंसान की जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा होता है। मां के चले जाने से जो कमी होती है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता। सीएम साय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी पूरी संवेदनाएं शिवराज सिंह चौहान और उनके शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह असहनीय कष्ट सहने की शक्ति दें।




