करमा तिहार प्रकृति व संस्कृति का संगम: सीएम विष्णु देव साय ने की बड़ी घोषणाएं
कंवर समाज के भवनों के लिए 90 लाख व रायपुर में सालाना महोत्सव को 10 लाख की सौगात दी

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज युवा प्रभाग द्वारा आयोजित भव्य ‘करमा परब महोत्सव’ में शिरकत की। पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेशवासियों को भादो एकादशी और करमा तिहार की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि करमा तिहार केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा, आस्था और प्रकृति संरक्षण का अनुपम प्रतीक है।
कंवर समाज और आयोजनों के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणाएं
-
मड़वारानी (कोरबा): सामाजिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये।
-
टाटीबंध (रायपुर): सामाजिक भवन निर्माण हेतु 25 लाख रुपये।
-
ग्राम जेफरा (कांकेर): सांस्कृतिक मंच निर्माण हेतु 15 लाख रुपये।
-
राजधानी रायपुर: प्रतिवर्ष भव्य करमा महोत्सव के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये का वार्षिक अनुदान।
प्रकृति व मानव जीवन का अटूट रिश्ता मुख्यमंत्री ने कहा कि करमा पूजा में करम डार की पूजा और पारंपरिक गीतों-नृत्यों के साथ प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। हमारे पूर्वजों ने जल, जंगल और जमीन को जीवन का आधार माना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और राज्य के ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया।
शिक्षा, नशामुक्ति और जनजातीय कल्याण पर जोर
-
सामाजिक सुधार: मुख्यमंत्री ने समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता की सराहना की और युवाओं से नशे से दूर रहकर सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
-
योजनाओं का विस्तार: ‘पीएम-जनमन’ और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
-
युवाओं को अवसर: दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें बढ़ाकर 200 की गई हैं, बंद पड़े स्कूलों को बस्तर में दोबारा खोला गया है और नई औद्योगिक नीति में एसटी वर्ग के युवाओं के लिए विशेष प्रोत्साहन तय किए गए हैं।




