छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी, 67 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 632 करोड़

सीएम साय दुर्ग से करेंगे डीबीटी ट्रांसफर; अब तक कुल 20,708 करोड़ रुपये पाकर सशक्त बनीं प्रदेश की माताएं-बहनें

रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आर्थिक संबल और सामाजिक सुरक्षा देने वाली महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर 2026 को किया जा रहा है। दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एक सिंगल क्लिक से प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र माताओं और बहनों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि अंतरित करेंगे।

राज्य सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, पोषण स्तर में सुधार और एनीमिया निवारण के उद्देश्य से 1 मार्च 2024 को इस योजना की शुरुआत की थी। 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से पहली किस्त जारी की गई थी। योजना के लागू होने के बाद से अब तक 31 किस्तों में कुल 20,075.71 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि प्रदेश की महिलाओं को सीधे पहुंचाई जा चुकी है। अब 32वीं किस्त के भुगतान के साथ ही यह कुल आंकड़ा बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपये पहुंच जाएगा।

अक्टूबर 2026 की इस किस्त के लिए विभाग ने पूरी पारदर्शिता बरतते हुए ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी कर चुके पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, कुल 68 लाख 52 हजार 661 पात्र महिलाओं में से अनुमोदन प्राप्त 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राहियों को यह राशि दी जा रही है। इसके साथ ही सुदूर व संवेदनशील बस्तर अंचल के नियद नेल्लानार क्षेत्र की 6 हजार 903 महिलाओं को उनकी 12वीं किस्त का अनुमोदन कर इसी भुगतान में शामिल किया गया है।

योजना से मिलने वाली इस नियमित आर्थिक मदद से प्रदेश के ग्रामीण और शहरी इलाकों की महिलाओं के जीवन में साफ बदलाव देखने को मिल रहा है। महिलाएं इस राशि का उपयोग अपने स्वास्थ्य, बच्चों की छोटी-मोटी जरूरतों, खान-पान और पारिवारिक आर्थिक संबल के रूप में कर रही हैं, जिससे वे न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं बल्कि समाज में उनका मान-सम्मान भी लगातार बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button