
रायपुर: छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपनी ही माटी में रोजगार और हुनर का सम्मान दिलाने के लिए राजधानी रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला–2026 शानदार नतीजों के साथ संपन्न हो गया। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में लगे इस मेले के समापन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने खुद पहुंचकर चयनित युवाओं की हौसला-अफजाई की और लगभग 1,100 अभ्यर्थियों को अपने हाथों से ऑफर लेटर सौंपे।
दो दिनों तक चले इस बड़े आयोजन में प्रदेशभर के सभी जिलों, खासकर बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ व जनजातीय इलाकों से 13 हजार से अधिक उत्साही युवा पहुंचे थे। नामी कंपनियों की चयन प्रक्रियाओं के बाद 5 हजार से ज्यादा युवाओं का अलग-अलग पदों पर अंतिम चयन हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बेटे-बेटियों को अच्छी शिक्षा, आधुनिक कौशल और योग्यता के हिसाब से काम दिलाना सरकार की पहली प्राथमिकता है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सीधी भागीदारी निभा सकें।
सीएम ने बताया कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर बेहद संजीदा है। पिछले ढाई सालों में ही प्रदेश में 925 रोजगार मेलों का आयोजन कर 25 हजार 845 से ज्यादा युवाओं को काम दिलाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सिर्फ डिग्री काफी नहीं है, बल्कि उद्योगों की मांग के अनुसार हाथों में हुनर होना जरूरी है। इसी सोच के तहत तकनीकी संस्थानों और उद्योगों के बीच सीधा तालमेल बैठाया जा रहा है।
इस मेले में 95 से अधिक प्रमुख कंपनियों और संस्थानों ने शिरकत की, जहां करीब 50 स्टॉलों पर सीधे इंटरव्यू और दस्तावेजों की जांच की गई। आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और सामान्य ग्रेजुएट युवाओं को हाथों-हाथ मौके मिले। मेले की पूरी प्रक्रिया ई-रोजगार पोर्टल के जरिए ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। सरकार अब इस पोर्टल को एक बड़े ‘स्किल मार्केट’ के रूप में तैयार कर रही है, जहां उद्योगों को कुशल कर्मी और युवाओं को मनचाहा काम एक ही क्लिक पर मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने उन युवाओं का भी हौसला बढ़ाया जिनका चयन इस बार नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, सरकार आगे भी ऐसे बड़े मंच तैयार करती रहेगी। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





