छत्तीसगढ़व्यापार

छत्तीसगढ़ में जवानों को 40 लाख का सुरक्षा कवच, BOB संग बड़ा करार

होमगार्ड, फायर और एसडीआरएफ कर्मियों को दुर्घटना बीमा के साथ बच्चों की पढ़ाई व शादी के लिए भी मिलेगा आर्थिक सहारा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में जान जोखिम में डालकर आपदा और आपातकालीन हालात में मोर्चा संभालने वाले जवानों और कर्मचारियों के लिए सरकार ने बड़ी सुरक्षा योजना शुरू की है। राज्य के नगर सेना (होमगार्ड), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं और एसडीआरएफ (SDRF) के जवानों के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक विशेष वेतन खाता योजना तैयार की है। इसके तहत जवानों को 40 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा और परिवार के लिए अन्य आर्थिक लाभ मिलेंगे। विभाग और बैंक के बीच 6 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में औपचारिक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसका मुख्य ध्यान उन कर्मचारियों और स्वयंसेवकों पर है, जिनकी मासिक कमाई 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपए के बीच है। निचले वेतन वर्ग के कर्मियों को सीधा फायदा पहुंचाने के लिए विभाग ने सभी जिला यूनिट्स को बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाओं से समन्वय बनाकर तेजी से खाते खुलवाने का आदेश जारी किया है।

योजना के तहत कर्मचारियों को 1 लाख रुपए का सामान्य जीवन बीमा और 40 लाख रुपए तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा दिया जा रहा है। अगर हवाई यात्रा के दौरान कोई हादसा होता है, तब भी 40 लाख रुपए का क्लेम मिलेगा। इसके अलावा, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर मूल बीमा राशि का 25 प्रतिशत (अधिकतम 10 लाख रुपए) अतिरिक्त कवर का प्रावधान किया गया है। पूरी या स्थायी विकलांगता की स्थिति में 40 लाख रुपए और आंशिक विकलांगता पर 30 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता तय की गई है।

यह योजना केवल जवान तक सीमित न रहकर उनके पूरे परिवार को मजबूती देती है। किसी अनहोनी या जरूरत के समय बेटी की शादी के लिए 4 लाख रुपए और बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए भी 4 लाख रुपए तक की मदद का विशेष प्रावधान रखा गया है।

बैंकिंग सुविधाओं के स्तर पर यह खाता पूरी तरह जीरो बैलेंस रहेगा और इस पर लाइफटाइम फ्री रुपे प्लेटिनम डेबिट कार्ड मिलेगा। साथ ही, जवान के परिवार के लिए चार अतिरिक्त जीरो बैलेंस खाते, पति-पत्नी के लिए फ्री कार्ड, चेकबुक, ड्राफ्ट और बिना किसी शुल्क के अनलिमिटेड एटीएम व ऑनलाइन ट्रांसफर (RTGS/NEFT) की सुविधा दी गई है। जोखिम भरी ड्यूटी करने वाले इन जवानों के लिए यह पहल एक बड़ा सामाजिक सुरक्षा कवच साबित होगी।

Related Articles

Back to top button