जशपुर को मिला पहला फिजियोथेरेपी कॉलेज, मुख्यमंत्री साय की पहल से खुला रास्ता
कंडोरा में 50 सीटों पर इसी सत्र से शुरू होंगे दाखिले; चराईडांड में 13.93 करोड़ से तैयार होगा हाईटेक कैंपस

रायपुर: छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले में स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसी शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में 50 सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को अपने ही जिले में मेडिकल और प्रोफेशनल शिक्षा हासिल करने का शानदार मौका मिलेगा और उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कंडोरा में करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से पहले एक हाईस्कूल भवन बनकर तैयार हुआ था। तकनीकी कारणों से जब वहां हाईस्कूल संचालन की अनुमति नहीं मिल सकी, तो शासन ने पहले से मौजूद इस बेहतर अधोसंरचना का सदुपयोग करने का फैसला किया। इसी भवन में अब फिजियोथेरेपी कॉलेज की कक्षाएं प्रारंभिक तौर पर शुरू की जा रही हैं। सरकार के इस फैसले से जहां सरकारी पैसे और तैयार इमारत का सही इस्तेमाल होगा, वहीं स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के नए दरवाजे भी खुलेंगे।
इस कॉलेज के शुरू होने से न केवल विद्यार्थियों को फायदा होगा, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मैनपॉवर भी तैयार होगी। छात्र-छात्राओं को फिजियोथेरेपी की प्रैक्टिकल और थ्योरी की पढ़ाई का मौका मिलेगा, जिससे उनके लिए रोजगार और खुद का क्लीनिक शुरू करने के रास्ते आसान होंगे।
इसके साथ ही जिले के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब तक फिजियोथेरेपी और रिहैबिलिटेशन इलाज के लिए लोगों को अंबिकापुर, रायपुर या अन्य बड़े शहरों के चक्कर काटने पड़ते थे। स्थानीय स्तर पर कॉलेज और अस्पताल सुविधाएं विकसित होने से गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और दुर्घटना से पीड़ितों को घर के पास ही विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा।
कॉलेज के भविष्य को देखते हुए चराईडांड के पास लगभग 13 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से एक सर्वसुविधायुक्त स्थायी हाईटेक कैंपस बनाया जाएगा। जब तक स्थायी कैंपस का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक कंडोरा के भवन में ही कॉलेज का सुचारू संचालन किया जाएगा। इस पहल से जशपुर जिला स्वास्थ्य शिक्षा के नक्शे पर एक नई पहचान बनाने की ओर तेजी से अग्रसर है।




