अंतर्राष्ट्रीयखेल

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर लौटीं छत्तीसगढ़ की बेटी, डिप्टी सीएम ने थपथपाई पीठ

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर लौटीं छत्तीसगढ़ की बेटी संजू, डिप्टी सीएम साव से मुलाकात में साझा किया भारतीय महिला कबड्डी टीम के सफर का अनुभव

रायपुर। एशियन गेम्स-2026 में महिला कबड्डी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी रायपुर लौटने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मिलीं। नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास में हुई मुलाकात में साव ने संजू का स्वागत कर उनकी पीठ थपथपाई और शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस दौरान संजू के माता-पिता अमरीका बाई और रामजी भी मौजूद रहे। साव ने उनका भी अभिनंदन किया।

साव ने कहा कि संजू ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ लोगों का भी सिर गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने संजू से एशियन गेम्स के दौरान के अनुभवों के बारे में विस्तार से बात की। संजू ने भारतीय टीम के गोल्ड तक पहुंचने के सफर और प्रतियोगिता के दौरान सामने आई चुनौतियों की जानकारी दी।

मुलाकात के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अनुभव और एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर मिले सीख को लेकर भी चर्चा हुई। साव ने संजू से पूछा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने के दौरान किस तरह की तैयारियां करनी पड़ती हैं और टीम ने गोल्ड तक पहुंचने के लिए किस तरह रणनीति बनाई।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में खेलने और स्वर्ण पदक जीतने से संजू को जो अनुभव मिला है, उसका फायदा अब छत्तीसगढ़ के दूसरे खिलाड़ियों को भी मिल सकता है। उनके अनुभव से प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी और खेल के दबाव को समझने में मदद मिलेगी।

संजू देवी की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। गोल्ड मेडल के बाद रायपुर लौटने पर उनसे मिलने और बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

मुलाकात के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो भी मौजूद थीं। संजू ने अपने माता-पिता के साथ उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की और एशियन गेम्स का अनुभव साझा किया। साव ने उनके आगे के खेल करियर के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button