सीएम साय सरकार ने खोला खजाना, निकायों को 9.44 करोड़ की निधि जारी
शहरी विकास को गति देने राज्य सरकार ने निकायों को एल्डरमैन निधि की पहली किस्त जारी की, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राशि के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए

रायपुर। शहरों के विकास से जुड़े कामों को अब फंड की रफ्तार मिलेगी। राज्य सरकार ने नगरीय निकायों के लिए एल्डरमैन निधि की पहली किस्त के तौर पर 9 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपए जारी कर दिए हैं। यह चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की 50 प्रतिशत पहली किस्त है।
सरकार के मुताबिक इस राशि से मनोनीत पार्षदों यानी एल्डरमैन की अनुशंसा पर स्थानीय जरूरतों से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। राशि जारी होने के बाद अब निकायों में सड़क, नाली, सामुदायिक सुविधाओं और अन्य जनहित के कामों को गति मिलने की उम्मीद है।
10 निगमों को 2.07 करोड़
राज्य के 10 नगर निगमों के लिए कुल 2 करोड़ 7 लाख रुपए जारी किए गए हैं। वहीं 53 नगर पालिकाओं को 3 करोड़ 93 लाख रुपए और 102 नगर पंचायतों को 3 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपए दिए गए हैं।
साव ने दिए साफ निर्देश
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने निकायों को निधि का इस्तेमाल स्थानीय जरूरतों और जनहित के कामों में करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का जोर इस बात पर है कि जारी पैसा कागजों में न अटके, बल्कि सीधे शहरी आबादी को सुविधाओं का लाभ मिले।
पहली किस्त, आगे और राशि
एल्डरमैन निधि की यह चालू वित्तीय वर्ष की पहली किस्त है। विभाग ने कुल स्वीकृत निधि की 50 प्रतिशत राशि फिलहाल जारी की है। ऐसे में आगामी किस्तों के जरिए निकायों को विकास कार्यों के लिए और राशि मिलने का रास्ता भी खुला है।




