छत्तीसगढ़

CM साय बोले- शिक्षा से बदलेगा समाज, कंवर समाज को 1.55 करोड़ की सौगात

रायपुर में कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने समाज से हर बच्चे को पढ़ाने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की अपील की।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंवर समाज के मंच से शिक्षा, एकजुटता और विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और सामाजिक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की असली ताकत उसकी नई पीढ़ी है। बच्चों को सिर्फ नौकरी के लिए नहीं, बल्कि उद्यम, व्यापार, सामाजिक सेवा और नेतृत्व के लिए भी तैयार करना जरूरी है। उन्होंने सक्षम लोगों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में मदद करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के साथ बस्तर में विकास की रफ्तार बढ़ी है। जनजातीय युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और आगे बढ़ने के नए रास्ते खुल रहे हैं। सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। साय ने कहा कि कंवर समाज के पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों ने समाज को एकजुट करने का जो काम किया, उसे नई पीढ़ी को आगे बढ़ाना होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए 1.55 करोड़ रुपए से अधिक की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में युवक-युवतियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कंवर समाज के सामुदायिक भवन परिसर में सिंदूर का पौधा लगाया। वहीं श्रावण मास के अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने सिविल लाइंस स्थित निवास में सपरिवार भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

Related Articles

Back to top button