सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा फैसला, निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा-कोचिंग का तोहफा
200 बच्चों को मुफ्त पढ़ाई, 1000 को NEET-JEE कोचिंग, कल्याण योजनाओं पर मुहर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई बड़े फैसलों पर मुहर लगा दी है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की बैठक में शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और करियर से जुड़े अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिली।
सबसे बड़ा फैसला श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई को लेकर हुआ। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत प्रदेश के 20 चयनित स्कूलों में 200 बच्चों को कक्षा 6वीं से मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। वहीं अटल करियर निर्माण योजना के तहत 1000 बच्चों को NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी।
बैठक में इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट और अन्य प्रोफेशनल कोर्स के लिए मिलने वाली शैक्षणिक सहायता राशि को एक समान करने का भी फैसला लिया गया। इससे ज्यादा से ज्यादा श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा।
नई सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के अनुरूप श्रमिक कल्याण योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी सहमति बनी। सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र निर्माण श्रमिक और उसके परिवार तक योजनाओं का लाभ बिना देरी और पूरी पारदर्शिता के पहुंचे।
बैठक में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पंजीकृत निर्माण श्रमिकों तक पहुंचाया जाए। सरकार का फोकस श्रमिक परिवारों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जोड़ने पर है।




