BJP प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह का एक्सीडेंट, गंभीर चोट, झांसी में भर्ती
बागेश्वर धाम से लौटते समय हाईवे पर हादसा, डॉक्टर बोले- हालत खतरे से बाहर

झांसी/रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल हो गए। बागेश्वर धाम से लौटते समय झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर झरर घाट के पास उनकी कार हाईवे पर चल रहे ट्रक से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। दो दिन से बुदंलखंड के दौरे पर थे। 28 जुलाई को बागेश्वर धाम पर पूजा पाठ किया। 29 जुलाई को दतिया और ओरछा में मां पीतांबरा मां के दर्शन किया। जिसके बाद वे रायपुर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी और बेटी भी थी। परिवार बिल्कुल सुरक्षित है।
अचानक कट बना वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सामने से आ रही एक कार ने अचानक कट मार दिया। चालक ने वाहन बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से किरण देव की कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। तेज रफ्तार और अचानक बने हालात के कारण चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कमर में आई चोट
दुर्घटना में किरण देव की कमर में चोट लगी है। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनकी प्राथमिक जांच की और एहतियात के तौर पर भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल किसी गंभीर आंतरिक चोट की पुष्टि नहीं हुई है।
PSO और चालक भी घायल
हादसे में किरण देव के साथ मौजूद उनके पीएसओ, निजी सहायक (PA) और चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात यह रही कि काफिले में शामिल अन्य वाहन सुरक्षित रहे और उनमें सवार किसी अन्य व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
एयरबैग ने बचाई जान
हादसे की तस्वीरें टक्कर की भयावहता बयां कर रही हैं। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन समय पर खुले एयरबैग और तत्काल राहत मिलने से बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की तीव्रता और अधिक होती तो हादसा जानलेवा भी साबित हो सकता था।
स्वास्थ्य पर नजर
हादसे की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता फैल गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने झांसी मेडिकल कॉलेज से लगातार संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। डॉक्टरों का कहना है कि किरण देव की हालत स्थिर है और निगरानी के बाद आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जाएगी।




