भव्य शोभा यात्रा के साथ गुप्त नवरात्रि में श्रीरुद्र महायज्ञ का आगाज हुआ-आज प्रातः अरणी मंथन से अग्नि प्रज्वलित होंगे
navratri

रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री राजराजेश्वरी महामाया मंदिर सार्वजनिक न्यास के तत्वाधान में जनकल्याणार्थ श्री दिव्य रुद्र महायज्ञ का आयोजन गुप्त नवरात्रि में किया जा रहा है। आज सोमवार माघ शुक्ल प्रतिपदा को भव्य शोभा यात्रा व जल ग्रहण उपरांत यज्ञ का शुभारंभ आचार्य पं राजेंद्र प्रसाद तिवारी (थान खमरिया वाले) के मार्गदर्शन में प्रारंभ हो गया है।

महामाया देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के सचिव व्यास नारायण तिवारी एवं न्यासी पं विजय कुमार झा ने बताया है कि शोभायात्रा मंदिर परिसर से अमीन पारा, लीली चौक, लाखे नगर, सारथी चौक होते हुए आजाद चौक से प्राचीन कंकाली तालाब में सुहागिन महिलाओं के द्वारा जल ग्रहण कर वापस शीतला मंदिर बाजार होते हुए मंदिर प्रांगण में पहुंचा। हजारों की संख्या में महिलाएं कलश लिए जयकारा करती हुई ढोल धमाल के साथ नगर भ्रमण की। न्यास समिति के अध्यक्ष आनंद शर्मा के मार्गदर्शन में यज्ञ का आज पीठ पूजन, पंचांग पूजन, यज्ञ मंडप प्रवेश आदि पूजा संपन्न हुआ आज रविवार को प्रातः 7:30 बजे से 12 बजे तक प्रथम सत्र तथा द्वितीय सत्र में 3 बजे से 6 बजे तक यज्ञोपरांत, आरती प्रसादी वितरण होगा। आज प्रातः 10 बजे घर्षण के माध्यम से अरणीमंथन करते हुए अग्नि प्रज्वलित की जावेगी तथा हवन प्रारंभ होगा। 12:30 से 3 बजे तक विश्राम उपरांत संध्या 3 से 6 पुनः यज्ञ होगा संध्या 6:30 बजे आरती उपरांत प्रसाद वितरण किया जावेगा। यज्ञाचार्य पं राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने आवाहन किया है कि जो संतान प्राप्ति की कामना करते हैं वे संध्या 6:00 बजे मंदिर प्रांगण में विशेष प्रसादी हेतु उपस्थित हो सकते हैं।
यज्ञ में उप आचार्य श्री लाल जी पांडे भी मार्गदर्शन कर रहे हैं। वरिष्ठ सदस्य शेखर दुबे ने बताया कि यज्ञ के दौरान यज्ञ मंडप में अनेक बार यज्ञ के दौरान एक पक्षी कबूतर नुमा बार-बार आ-जा जा रहा था। भक्तजनों को इसे देखकर अति प्रसन्नता हुई कि मानो साक्षात रुद्रदेव यज्ञ में पधार गए हैं।




