
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने अलग-अलग विभागों में 1703 पदों पर भर्ती का रास्ता खोल दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी के अंतर्गत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है। खास बात यह है कि इन पदों के लिए मंडल पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो गई है।
सहायक ग्रेड-3 के सबसे ज्यादा पद
इस भर्ती में सबसे ज्यादा 1206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद और पंजीयक लिपिक के 50 पद शामिल हैं।
अन्य पदों में सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, शीघ्रलेखक हिंदी के 30, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, शीघ्रलेखक द्विभाषी के 13 और शीघ्रलेखक अंग्रेजी के 3 पद हैं।
27 नवंबर तक भर सकेंगे फॉर्म
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में गलती होने पर 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे तक सुधार का मौका मिलेगा।
10 जनवरी को होगी परीक्षा
मंडल के मुताबिक, लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। इसके लिए प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
स्थानीय युवाओं को परीक्षा शुल्क वापसी
इस भर्ती में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को एक और राहत दी गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों का परीक्षा शुल्क नियमानुसार उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे भुगतान किया गया है।
भर्ती की योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।




