
लोकतंत्र24 न्यूज़ डेस्क | छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक बेहद आत्मीय पत्र लिखकर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने अपने संदेश में छत्तीसगढ़ से अपने दशकों पुराने जुड़ाव, समृद्ध संस्कृति और नक्सलवाद के खात्मे के बाद राज्य में लौटे अमन-चैन को रेखांकित किया। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों की तरफ से प्रधानमंत्री के इस स्नेहपूर्ण पत्र के लिए दिल से आभार जताया।
अटल जी के सपनों का साकार हो रहा छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को याद करते हुए लिखा कि 26 साल पहले उनके दूरदर्शी फैसले से छत्तीसगढ़ राज्य बना था। आज डबल इंजन सरकार उसी सोच के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी के समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपने को पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा करना हमारी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। पिछले साल राज्य की रजत जयंती पर प्रधानमंत्री का आना और नए विधानसभा भवन का लोकार्पण ऐतिहासिक पल था।
बस्तर में खत्म हो रहा खौफ, लौट रहा भरोसा
प्रधानमंत्री ने पत्र में खास तौर पर जिक्र किया कि जो इलाके कभी नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर कहे जाते थे, वे आज शांति, भरोसे और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं। जवानों के अदम्य साहस और जनता के साथ से बस्तर माओवादी आतंक से मुक्त होने की राह पर है। ‘नियद नेल्ला नार’ जैसी योजनाओं से अंदरूनी गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं ‘बस्तर ओलंपिक’ जैसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं का आत्मविश्वास और हुनर निखर कर सामने आ रहा है।
किसानों और महिलाओं के जीवन में सीधा बदलाव
प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का असर हर घर तक दिख रहा है। 25 लाख से अधिक किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से धान खरीदी का लाभ मिल रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई जान मिली है। ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। इसके अलावा 73 लाख परिवारों को मुफ्त राशन, 22 लाख पक्के मकान, 41 लाख घरों में नल से जल और करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्डों से गरीबों का जीवन संवर रहा है।
हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक छत्तीसगढ़
कनेक्टिविटी के मामले में राज्य ने लंबी छलांग लगाई है। 25 साल पहले जहां दिल्ली-रायपुर के बीच सिर्फ एक फ्लाइट थी, आज प्रदेश में 4 आधुनिक एयरपोर्ट हैं। 51 हजार करोड़ से ज्यादा की रेल परियोजनाएं, वंदे भारत ट्रेनें और रायपुर-विशाखापट्टनम जैसे नए एक्सप्रेसवे उद्योग और रोजगार के नए रास्ते खोल रहे हैं। नवा रायपुर को सेमीकंडक्टर और एआई हब के रूप में उभारा जा रहा है। साथ ही स्थानीय बोलियों जैसे गोंडी, हल्बी और सरगुजिहा में प्राथमिक शिक्षा देकर संस्कृति को सहेजा जा रहा है।
सीएम साय ने भरोसा दिलाया कि गुरु घासीदास बाबा के ‘मनखे-मनखे एक समान’ के संदेश पर चलते हुए छत्तीसगढ़ ‘अंजोर विजन’ के दम पर ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में सबसे आगे रहेगा।




