छत्तीसगढ़

रायपुर के समग्र विकास को बनेगी योजना: प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने दिए निर्देश

आईटीएमएस वार रूम का किया निरीक्षण; महिला सुरक्षा, स्वच्छता व अवैध निर्माण पर कसा शिकंजा

रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) वार रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अवैध निर्माण पर नियंत्रण के लिए एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने आईटीएमएस वार रूम को ‘सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस’ के रूप में विकसित करने पर जोर दिया, ताकि डेटा और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर शहरी प्रशासन और नागरिक सुविधाओं को अधिक जवाबदेह बनाया जा सके।

प्रमुख मार्गों का ट्रैफिक असेसमेंट और संयुक्त टीम

  • शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के दबाव और सड़क क्षमता का तकनीकी आकलन किया जाएगा।

  • यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाई जाएगी।

  • जाम की समस्या वाले बिंदुओं की पहचान कर त्वरित सुधार और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

स्वच्छता व अवैध निर्माण पर तीसरी आंख से निगरानी

  • सैनिटेशन मॉनिटरिंग: बाजारों, मुख्य मार्गों और कचरा संग्रहण केंद्रों की निगरानी आईटीएमएस कैमरों से होगी। गंदगी पाए जाने वाले स्थानों पर तुरंत सफाई टीमें भेजी जाएंगी।

  • अवैध खुदाई व निर्माण पर रोक: शहर में बिना अनुमति हो रही खुदाई और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले निर्माण कार्यों पर सीसीटीवी के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी और संबंधित विभागों द्वारा सख्त कार्रवाई होगी।

महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और नागरिक बोध

  • आपात स्थितियों में त्वरित सहायता और आपदा प्रबंधन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर डिजिटल समन्वय स्थापित किया जाएगा।

  • शहर में महिला सुरक्षा तंत्र को आईटी-सक्षम कैमरों से और अधिक मजबूत किया जाएगा।

  • नागरिकों में ‘सिविक सेंस’ (नागरिक बोध) विकसित करने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और नियमों के पालन के लिए व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button