नागरिकों को कस्टमर मानकर करें काम: प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने लगाई फटकार
रायपुर नगर निगम के कामकाज की समीक्षा; पीएम आवास में ढिलाई व गंदगी पर दो अफसरों को नोटिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने रायपुर नगर निगम के कार्यों की गहन समीक्षा की। सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने ‘ईज ऑफ लिविंग’ (Ease of Living) और नागरिक-केंद्रित (Citizen-Centric) प्रशासन पर विशेष जोर दिया।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे नागरिकों को उपभोक्ता (कस्टमर) की तरह समझें और उनकी समस्याओं का त्वरित व जवाबदेही के साथ समाधान करें। उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म और एयरलाइन कंपनियों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार ग्राहक बेहतर सेवा और शिकायतों के त्वरित निवारण की उम्मीद रखता है, उसी तरह नगर निगम को भी कार्य करना होगा।
पीएम आवास और स्वच्छता पर नाराजगी, दो अफसरों को नोटिस
-
पीएम आवास योजना में लापरवाही: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान सही जानकारी न मिलने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गरीबों के आवास निर्माण में गुणवत्ताहीन कार्य और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
-
अधिकारियों पर कार्रवाई: जेम पोर्टल पर निविदाओं में विलंब के चलते प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्री योगेश कडू और नगरोत्थान योजना में धीमी प्रगति के कारण अधीक्षण अभियंता श्री इमरान खान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
-
सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख: शहर में कमजोर सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को गंदगी की तस्वीरें दिखाईं और व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की हिदायत दी।
अफसरों को फील्ड विजिट और सीसीटीवी निगरानी के निर्देश
-
जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन अनिवार्य रूप से मॉर्निंग विजिट करने और उसकी रिपोर्ट ग्रुप में साझा करने को कहा गया।
-
नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए इन सेवाओं की सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक श्री नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ श्री सुमीत अग्रवाल एवं रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





