अंतर्राष्ट्रीयराजनीतिराष्ट्रीय

मुख्यमंत्री ने निवास में जलाया आशीर्वाद का दीया, जगमगाया छत्तीसगढ़

गरीब कल्याण, सुशासन, अंत्योदय, आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन की यात्रा रही: CM

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। वहीं रायगढ़ में 40 हजार से अधिक और कांकेर में 51 हजार दीपों से अलग-अलग आयोजन किए गए।

 

सीएम निवास पर जला दीया

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अपने निवास में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति उनका समर्पण प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण, सुशासन, अंत्योदय, आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन की यात्रा रही है।

रायगढ़ में 40 हजार दीप

रायगढ़ जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत दीपोत्सव के साथ हुई। सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।

दीपों से सजा परिसर सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश देता नजर आया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के प्रति जन-आभार, शुभकामना और सेवा संकल्प का प्रतीक है। अभियान के दौरान एक महीने तक जनकल्याण और समाजहित से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिले में पांच लाख से ज्यादा दीप

रायगढ़ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के अलावा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। अभियान के तहत जनभागीदारी से जिले में पांच लाख से अधिक दीप जलाए जाने की बात कही गई है।

कांकेर में भारत का नक्शा

कांकेर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को अलग अंदाज में आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय के पीएमश्री शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में भारत का नक्शा बनाया गया और उस पर एक साथ 51 हजार दीप जलाए गए।

दीपों से जगमगाता भारत का नक्शा कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। आयोजन में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में अलग-अलग जनसेवा और जनकल्याण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से जोड़ा गया है।

दीपोत्सव के जरिए जहां प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी गईं, वहीं अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button