
रायपुर। छत्तीसगढ़ की पुलिसिंग में बड़ा बदलाव हुआ। गृह विभाग ने 31 IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया। इस फेरबदल में पुलिस मुख्यालय से लेकर नक्सल ऑपरेशन, गुप्तवार्ता, साइबर, CID, CCTNS, एंटी नारकोटिक्स, ट्रैफिक और तकनीकी सेवाओं तक की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सरकार के इस फैसले से साफ है कि पुलिस के उन मोर्चों पर फोकस बढ़ाया गया है, जहां सीधे तौर पर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़े काम होते हैं।
डीजी स्तर पर बदलाव
1992 बैच के पवन देव को पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी से हटाकर महानिदेशक नगर सेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं दी गई हैं। 1994 बैच के गुरजिन्दर पाल सिंह महानिदेशक प्रशिक्षण और राज्य पुलिस अकादमी, नवा रायपुर की कमान संभालेंगे। इसी बैच के एसआरपी कल्लूरी को पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
नक्सल मोर्चे पर नई जिम्मेदारी
1996 बैच के विवेकानंद को एडीजी नक्सल ऑपरेशन के साथ वित्त, योजना और पुलिस मुख्यालय से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है। बस्तर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की पुलिसिंग में इस पद की भूमिका अहम मानी जाती है। 1997 बैच के दीपांशु विजय काबरा को एडीजी अजाक और प्रशिक्षण के साथ रेल एवं यातायात का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
नारकोटिक्स पर सरकार का फोकस
1998 बैच के अमित कुमार को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ एडीजी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। 2004 बैच के अंकित कुमार गर्ग भी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एसआईए का प्रभार संभालेंगे। इससे संकेत मिल रहा है कि राज्य में नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई को पुलिस के एजेंडे में ऊपर रखा गया है।
साइबर और तकनीकी विंग मजबूत
2001 बैच के डॉ. आनंद छाबड़ा को एडीजी तकनीकी सेवाएं, डायल-112 और दूरसंचार की जिम्मेदारी मिली है। 2005 बैच के ध्रुव गुप्ता को CID और CCTNS की कमान दी गई है। DIG स्तर पर प्रशांत कुमार ठाकुर को CCTNS एवं SCRB की जिम्मेदारी मिली है। गिरिजा शंकर जायसवाल को S4C और तकनीकी सेवाएं तथा एमएल कोटवानी को गुप्तवार्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
कानून व्यवस्था भी बदली
2003 बैच के ओमप्रकाश पॉल को कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी मिली है। वहीं बालाजीराव सोमावार को डीजी अजाक, पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। प्रशांत कुमार अग्रवाल तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि मिलना कुर्रे को डीजी छसबल, पुलिस मुख्यालय की कमान मिली है।
DIG और AIG स्तर पर भी बड़ी सर्जरी
मनीष शर्मा को DIG प्रशासन एवं चयन, अभिषेक मीणा को DIG छसबल बस्तर, सदानंद कुमार को DIG छसबल पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। अजातशत्रु बहादुर सिंह को नगर सेना, राज्य आपदा प्रबंधन बल और अग्निशमन सेवाओं की जिम्मेदारी मिली है। विवेक शुक्ला DIG सुरक्षा और राजेश कुकरेजा DIG वित्त, योजना एवं प्रबंध होंगे। श्वेता राजमणी को DIG दूरसंचार एवं डायल-112 तथा रामकृष्ण साहू को DIG CID बनाया गया है। AIG स्तर पर मोहित गर्ग को प्रशासन एवं चयन, रवि कुमार कुर्रे को CID और यदुवली अक्षय कुमार को CCTNS की जिम्मेदारी मिली है।
बटालियन में भी बदलाव
2020 बैच के चिराग जैन को 18वीं बटालियन मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी का सेनानी बनाया गया है। 2021 बैच की अंजली विश्वकर्मा AIG यातायात, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी संभालेंगी।
नक्सल से साइबर तक संदेश साफ
31 IPS अफसरों के इस फेरबदल में सरकार ने पुलिसिंग के लगभग हर बड़े सेक्टर को छुआ है। नक्सल ऑपरेशन, SIB, STF, नारकोटिक्स, CID, CCTNS, साइबर, डायल-112 और कानून व्यवस्था—हर मोर्चे पर नई जिम्मेदारियां तय हुई हैं। यह सिर्फ तबादला आदेश नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पुलिसिंग को नए सिरे से व्यवस्थित करने की बड़ी कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।





