अंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़राष्ट्रीय

बेटियों को छग के मुखिया विष्णुदेव साय का तोहफा, मेरी बेटी-मेरा अभिमान अभियान का आगाज

6,855 करोड़ के मिशन से रोजगार बढ़ेगा, 15 अगस्त से शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत करते हुए ग्रामीण विकास और बेटियों के सम्मान को लेकर बड़ा ऐलान किया है। 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस विशेष अभियान में हर गांव में मुक्तिधाम और हर सरकारी स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।

सरकार ने अभियान के तहत 6,671 बालिका शौचालय, 6,524 मुक्तिधाम-प्रतीक्षालय और 10,027 बंद बोरवेलों में रिचार्ज पिट बनाने का लक्ष्य तय किया है। सभी कार्य ग्राम सभा की मंजूरी के बाद शुरू होंगे ताकि विकास योजनाओं में स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वीबी-जी राम जी मिशन के जरिए इस वित्तीय वर्ष में करीब 6,855 करोड़ रुपए ग्रामीण रोजगार और आधारभूत विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। मजदूरी दर बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दी गई है, जिससे गांवों में रोजगार को नई मजबूती मिलेगी।

योजना के तहत 318 तरह के विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें जल संरक्षण, सड़क, पुलिया, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, अतिरिक्त स्कूल कक्ष, पुस्तकालय, किचन शेड, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन, डेयरी, मत्स्य पालन, ग्रामीण हाट और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास शामिल है।

सरकार का दावा है कि इस अभियान से बेटियों की शिक्षा, ग्रामीण स्वच्छता, जल संरक्षण और रोजगार को एक साथ बढ़ावा मिलेगा। साथ ही गांवों में स्थायी परिसंपत्तियां तैयार होंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी। छत्तीसगढ़ ने इस मिशन की तैयारियों में ई-केवाईसी और जियो टैगिंग जैसे मानकों पर भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।

Related Articles

Back to top button