
जशपुर के दोकड़ा में आयोजित ऐतिहासिक जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने पत्नी कौशल्या साय के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सोने की झाड़ू से रथ मार्ग का प्रतीकात्मक मार्जन किया और चंदन मिश्रित पवित्र जल का छिड़काव किया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं के साथ भगवान जगन्नाथ का रथ खींचकर यात्रा की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोकड़ा की रथयात्रा आस्था और सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। मंदिर के जीर्णोद्धार और 2025 में प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरी भव्य रथयात्रा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और भगवान जगन्नाथ का रिश्ता बहुत पुराना है। देवभोग का चावल आज भी पुरी के महाप्रसाद में उपयोग होता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 11 लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास पूरे हो चुके हैं। महतारी वंदन योजना की 29 किस्तें जारी हो चुकी हैं। रामलला दर्शन, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा, सरचार्ज माफी योजना और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि धरमजयगढ़-लोहरदगा रेल परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति से स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।
ओडिशा की कीर्तन मंडलियों के भजन, शंखध्वनि और “जय जगन्नाथ” के जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने रथयात्रा में हिस्सा लिया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।



