
सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहा कांग्रेस का प्रदर्शन अब बड़े राजनीतिक आंदोलन में बदलता नजर आ रहा है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को अब पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का खुला समर्थन मिल गया है।
दोनों नेताओं ने एक साथ भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दे दी है। इसके बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ विश्रामपुर थाने के सामने जुटी हुई है।
धरना स्थल पर लगातार नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन जारी है।
TS सिंहदेव ने प्रशासन को दी सीधी चेतावनी
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सूरजपुर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन अड़ियल रवैया अपना रहा है। टीएस सिंहदेव ने साफ कहा कि अगर शाम 6 बजे तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उनका सूर्यास्त तक उपवास रहता है। यदि तब तक प्रशासन कोई फैसला नहीं लेता तो वही उपवास भूख हड़ताल में बदल जाएगा।
टीएस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की बात सुनने के बजाय प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
नरेंद्र जैन मामले से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन से जुड़ा हुआ है। नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बता रही है।पार्टी नेताओं की मांग है कि यह केस तत्काल निरस्त किया जाए। इसी मांग को लेकर 25 मई को प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी विश्रामपुर थाने पहुंचे थे। लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी मांग नहीं मानी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने थाने के सामने ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
BJP नेताओं पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नरेंद्र जैन के घर जाकर विवाद करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। कांग्रेस का कहना है कि बार-बार शिकायत देने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। जबकि कांग्रेस नेताओं पर तुरंत केस दर्ज कर दिया गया। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगा रही है। धरना स्थल पर भी नेताओं ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए।
एक मंच पर दिखे TS और बैज, चर्चाओं पर विराम
यह प्रदर्शन राजनीतिक रूप से इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि टीएस सिंहदेव और दीपक बैज एक साथ आक्रामक अंदाज में नजर आए। पिछले कुछ समय से कांग्रेस के भीतर अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही थीं।
लेकिन विश्रामपुर धरने में दोनों नेताओं की मौजूदगी ने कई राजनीतिक अटकलों पर विराम लगा दिया।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के समर्थन में जमकर नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की एकजुटता का संदेश बताया।
शाम 6 बजे पर टिकी प्रदेश की नजर
अब सबकी नजर शाम 6 बजे पर टिकी हुई है। अगर प्रशासन ने कोई ठोस फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और उग्र हो सकता है। कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि वह पीछे हटने के मूड में नहीं है। भूख हड़ताल की चेतावनी के बाद प्रशासन पर दबाव और बढ़ गया है। विश्रामपुर का यह धरना अब सिर्फ स्थानीय विवाद नहीं रह गया। यह कांग्रेस बनाम प्रशासन की सीधी राजनीतिक लड़ाई में बदलता दिखाई दे रहा है।



