पति से छिपाकर मायके ले जाती थी “सरसों का तेल”, कोर्ट में सुनवाई के दौरान वजह आई सामने
"Wife files FIR against husband."

उत्तर प्रदेश के आगरा कोर्ट में एक अजीबोगरीब आधार बनाकर तलाक की अर्जी लगी है। इसमें तलाक का आधार घर से सरसों का तेल गायब होना बताया जा रहा है। इसमें सरसों के तेल को लेकर पति-पत्नी के बीच ऐसा झगड़ा हुआ कि नौबत तलाक तक आ गई। कोर्ट ने मामले को परामर्श केंद्र भेज दिया है जहां आपसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा बनाने की कोशिश सफल हुई है।
दरअसल आगरा के रहने वाले इस कपल की शादी 2020 में बड़े धूमधाम से हुई थी, लेकिन कुछ ही सालों में दोनों के बीच जेब खर्च को लेकर आपस में झगड़े होने लगे। पति अपनी बीवी को खर्च के लिए पैसे ही नहीं देता था, जब भी पत्नी उससे हाथ खर्च के पैसे मांगती, पति तुरंत मना कर देता। इसके बाद पत्नी घर में रखे सरसों के तेल को अपने मायके जाकर बेच आती थी, जिसकी भनक पति को लग गई।
भनक लगते ही दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ और नौबत तलाक तक आ पहुंची। झगड़ा होते-होते एक रोज विवाद ऐसा बढ़ गया कि पत्नी अपने मायके चली गई और बीते दो महीनों से वो मायके में ही रह रही थी। इन बीच नाराज पत्नी ने पुलिस से शिकायत कर दी। मामले को परिवार परामर्श केंद्र को स्थानांतरित कर दिया गया। यहां दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराया गया और कपल का तलाक टल गया है। दोनों की काउंसलिंग करने के बाद सरसों के तेल का मामला शांत हुआ।

क्या है पति-पत्नी की सफाई
लड़के ने कहा कि जब मैं घर में सरसों का 2-3 लीटर तेल लाता हूं तो पत्नी उसे मायके ले जाती है और वहां बेच देती है। इस पर लड़की ने कहा कि पति खर्चे के लिए पैसे नहीं देते हैं, इसलिए एक बार 2 लीटर तेल लेकर गई थी, उसी पर कहते हैं कि मैं तेल बेच रही हूं, जबकि मेरे पास खर्चे के लिए पैसे नहीं है।



