
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट कर दिया कि अगर इंडिया गठबंधन चुनाव जीत जाता है तो भी वे देश के अगले प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। केजरीवाल ने अपनी बात समझाने के लिए पाकिस्तान का उदाहरण भी दिया. केजरीवाल ने कहा कि पाकिस्तान में इमरान खान को जेल भेज दिया गया और उनकी पार्टी और चुनाव चिह्न छीन लिया गया. बीजेपी भी ऐसा ही करेगी. विपक्षी नेताओं को जेल भेजा जाएगा. किसी को नहीं छोड़ा जाएगा. सभी जेल में होंगे और फिर वे चुनाव जीतते रहेंगे. दिल्ली चुनाव को लेकर सीएम ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटें जीतेगा.
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में दिल्ली के सीएम ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में वापस आती है बीजेपी चुनावों पर कब्जा कर लेगी। चुनाव नहीं होंगे। अगर होंगे भी देश मे रूस जैसे हालात बना दिये जायेंगे फिर जिस तरह से पुतिन ने या तो पूरे विपक्ष को जेल भेज दिया या उन्हें खत्म कर दिया और फिर चुनाव कराए और 87 फीसदी वोट हासिल किए। BJP भी उसी तरीके से तानाशाही लागू कर देगी। जिसका नतीजा देशवासी भुगतेंगे।
आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली एक बहुत छोटी पार्टी हैं. पीएम बनने का उनका कोई इरादा नहीं है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य मौजूदा ”तानाशाही” से देश और लोकतंत्र को बचाना है. इंडिया गठबंधन की ओर से पीएम चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर सीएम केजरीवाल ने कहा कि इसका फैसला 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद किया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि इंडिया अलायंस धीरे-धीरे 300 के आंकड़े की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि गठबंधन देश को एक अच्छी और स्थिर सरकार देगा.



