
टीवी चैनल के क्राइम रिपोर्टर की हत्या उसकी पत्नी ने ही की थी। पुलिस की सख्ती के बाद पत्नी सफीना ने अपना गुनाह कबूल लिया है। सफीना के अनुसार इस वारदात को अंजाम देने में उसका प्रेमी अरजू खान भी उसके साथ था। प्रेमी ने ही शव को ठिकाने भी लगाया।
खास बात यह है कि सफीना हत्या के कुछ दिनों पहले से ही अपने पति से मर्डर के बारे के जानकारी ले रही थी। इस दौरान पुलिस से बचने उपाय और तौर तरीकों के बारे में सीख ली थी। पुलिस को गुमराह कर बचने के गुर भी सीखे थे। जिसके आधार पर सफीना ने हत्या का प्लान तैयार किया था।
मामला मनेन्द्रगढ़ का है, जहां गांव चनवारीडांड ग्राउण्ड फॉरेस्ट डिपो के पीछे गुरुवार सुबह पत्रकार रईस अहमद (32) का शव मिला था। शव जिले के एक क्राइम रिपोर्टर था तो इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में मृतक के भाई नसीर अहमद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में बॉडी पर लात, घूंसे और किसी भारी हथियार के चोट के निशान मिले थे।

मृतक के भाई ने बताया कि, लगभग 4-5 साल पहले रईस की शादी मौहारपारा निवासी याकुब की बेटी सफीना से हुई थी. तीन साल की एक बेटी है. 5 महीने पहले सफीना किसी अरजू खान के साथ भाग गई थी। जिसके बाद रईस सफीना को लेकर मनेन्द्रगढ़ आ गया था। यहां बुधवार देर रात अज्ञात लोगों ने रईस की पीट-पाटकर हत्या कर दी थी। शव को फॉरेस्ट डिपो के पीछे फेंक दिया गया था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर रईस की पत्नी सफीना से पूछताछ की। कड़ाई करने पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया।
सफीना ने बताया कि, “उसने ही अरजू के साथ मिलकर रईस को ठिकाने लगाया है. इसके लिए अरजू अपनी बुआ के बेटे को साथ लाया था। तीनों ने रईस को सोते में ही लात, घूंसों हथियार से पीटने के बाद गमछे से गला कसकर मार दिया.”
आरोपी महिला का प्रेमी अरजू इस हत्याकांड के बाद गुजरात भागने की फिराक में था, जो आज पकड़ा गया. पुलिस सभी आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है.



