
भाजपा के कद्दावर नेता, वरिष्ठ प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट संबित पात्रा ने भगवान जगन्नाथ को ही मोदी भक्त बता दिया है। संबित ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
संबित पात्रा की ‘भगवान जगन्नाथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भक्त’ बताने वाली टिप्पणी के बाद विवाद भड़क उठा है। हालांकि, पात्रा ने बाद में स्पष्ट किया कि यह सिर्फ जुबान फिसलने के कारण हुआ और वह यह कहना चाहते थे कि प्रधानमंत्री भगवान जगन्नाथ के परम ‘भक्त’ हैं।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भाजपा से भगवान जगन्नाथ को राजनीति में न घसीटने की अपील की। पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ओडिया ‘अस्मिता’ को ठेस पहुंचाने के लिए पात्रा की आलोचना की। उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘महाप्रभु श्रीजगन्नाथ ब्रह्मांड के स्वामी हैं। महाप्रभु को दूसरे इंसान का ‘भक्त’ कहना भगवान का अपमान है, यह पूरी तरह निंदनीय है। इससे भावनाएं आहत हुई हैं और दुनियाभर में करोड़ों जगन्नाथ भक्तों तथा ओड़िया लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है।’



