रामगढ़/बक्सर । बिहार में हो रहे लोकसभा चुनाव के हॉट सीट में से एक बक्सर लोकसभा का चुनाव अब नई करवट लेना शुरू किया है। बढ़ती गर्मी के साथ इस लोकसभा के रामगढ़ विधानसभा का चुनावी तापमान भी बढ़ रहा है।
रामगढ़ विधानसभा के दर्जनों स्थानों पर चुनावी चौपाल लगाई जा रही है। इसमें बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री संतोष सिंह और जिला पार्षद व भाजपा नेता राजू सिंह सघन दौरा करके मतदाता को अपने पक्ष में करने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।
यह चौपाल इस मायने में भी रोचक है कि राजपूतों का गढ़ माने जाने वाले रामगढ़ विधानसभा से प्रतिद्वंदी सुधाकर सिंह को भी उम्मीद है। परंतु कैबिनेट मंत्री संतोष सिंह , जिला पार्षद व भाजपा नेता राजू सिंह सहित अनेक कद्दावर राजपूत नेता के यहां कैंप करने से राजनीति नई करवट लेना शुरू कर दिया हैं।

एक संबोधन में कैबिनेट मंत्री संतोष सिंह ने हुंकार भरते हुए कहा कि देश के आन-बान-शान प्रधानमंत्री मोदी जी के सपनों के भारत को बनाने में रामगढ़ की जनता पीछे नहीं रहेगी। वही जिला पार्षद व भाजपा नेता राजू सिंह ने कहा कि बक्सर के भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी विकास की गंगा बहाने में प्रधानमंत्री मोदी जी के साथ कदमताल करनेवाले एक मजबूत स्तंभ हैं। श्री सिंह ने कहा कि रामगढ़ की जनता यह भली भांति समझ चुकी हैं कि हमारे लिए कौन उपयोगी है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आनेवाले दो दिनों में देश के कई हिस्सों से रामगढ़ में भाजपा के कद्दावर नेता प्रवास करेंगे।
इस प्रकार यह विधानसभा पूरे बक्सर लोकसभा के चुनावी तापमान में शीर्ष पर है।



