
रायपुर : दो चरणों के मतदान संपन्न हो गए हैं और तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय भी लगातार जनता तक पहुंचकर भाजपा के पक्ष में माहौल बना रहीं हैं
छत्तीसगढ़ में दो चरणों के मतदान संपन्न हो गए हैं और तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय भी लगातार जनता तक पहुंचकर भाजपा के पक्ष में माहौल बना रहीं हैं। गुरुवार को उन्होंने रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र व जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के घुमरा, जामबाहर, ऊपर कछार आदि गांवों में धुआंधार दौरा किया और जनसभाएं लीं। सीएम मैडम का कहना है कि, पीएम मोदी की गारंटी और प्रदेश की साय सरकार की उपलब्धियां इस चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाएंगी। गांवों में आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती साय ने केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि, पीएम मोदी ने 10 वर्षों में कई ऐतिहासिक काम किए हैं। श्रीराम मंदिर का निर्माण, धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक खत्म करने के साथ ही आर्थिक रूप से भारत का विश्व के 5 वें स्थान पर आना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।



