छत्तीसगढ़राजनीतिव्यापार

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, छत्तीसगढ़ के 24.59 लाख से ज्यादा किसानों को मिले 498 करोड़

राजधानी रायपुर में आयोजित किसान उत्सव दिवस में शामिल हुए सीएम विष्णु देव साय, कहा- अन्नदाता की संपन्नता ही विकसित भारत की असल पहचान।

छत्तीसगढ़ के लाखों अन्नदाताओं के बैंक खातों में दीपावली के मौके पर खुशियों की सीधी सौगात पहुंच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस महाअभियान के तहत देश भर के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के खातों में 18 हजार 690 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपए की किस्त जमा हुई है।

राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक हमारा अन्नदाता आर्थिक रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर नहीं बनेगा, तब तक विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना अधूरा है।

किसानों को अब तक मिले 11,776 करोड़ से अधिक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रदेश के अन्नदाताओं को बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि उपकरणों के लिए किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े, इसलिए यह योजना संजीवनी साबित हो रही है। छत्तीसगढ़ में अब तक 24 किस्तों के जरिए किसानों को 11 हजार 776 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक की आर्थिक मदद सीधे उनके बैंक खातों में बिना किसी बिचौलिए के पहुंचाई जा चुकी है। यह व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और इसने छोटे व सीमांत किसानों की कमर मजबूत की है।

‘अर्नब’ चक्रवात से हुए नुकसान की भरपाई करेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने हाल ही में आए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से फसलों को पहुंचे नुकसान पर भी किसानों को ढांढस बंधाया। उन्होंने साफ कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में सरकार अपने किसान भाइयों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। सभी जिला कलेक्टरों को तुरंत गिरदावरी और फसल नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे पूरा होते ही आरबीसी 6-4 के कड़े नियमों के तहत किसानों को भरपूर मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

15 नवंबर से 3100 रुपए में धान खरीदी, 360 नए केंद्र तैयार

सीएम साय ने ऐलान किया कि आगामी 15 नवंबर से प्रदेश भर में खरीफ धान की खरीदी जोर-शोर से शुरू हो जाएगी। राज्य सरकार देश में सर्वाधिक दर यानी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल और 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदेगी। किसानों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए राज्य भर में 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी खोले जा रहे हैं।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि किसानों के साथ-साथ भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी 10 हजार रुपए सालाना मदद देकर संबल दिया जा रहा है। वहीं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने आधुनिक खेती और फसल विविधीकरण अपनाने पर बल दिया, ताकि पारंपरिक खेती के साथ-साथ किसानों की आमदनी में कई गुना इजाफा हो सके।

Related Articles

Back to top button