Featureमनोरंजनराजनीति

रायपुर के WRS मैदान में गूंजा जय श्री राम, CM विष्णु देव ने किया रावण दहन

विष्णु देव साय बोले- सत्य के साथ डटकर खड़े रहना ही असल रामभक्तिकर कहा अधर्म का साथ देने वाला चाहे कितना ताकतवर हो, अंजाम से नहीं बच सकता

रायपुर: राजधानी के ऐतिहासिक डब्ल्यूआरएस मैदान में विजयादशमी का उल्लास अपने चरम पर था, जब जय श्रीराम के नारों और आतिशबाजी के बीच 10 सिर वाले रावण का विशाल पुतला धू-धू कर जल उठा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धनुष-बाण साधकर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। इस दौरान उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि दशहरा केवल लंकापति पर विजय का जश्न नहीं, बल्कि जीवन की हर मोड़ पर सत्य, न्याय और मानवता की ढाल बनकर खड़े रहने का शाश्वत संकल्प है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब भी सही और गलत के बीच चुनाव करना पड़े, हमेशा सच का साथ चुनिए, क्योंकि आप किसके पक्ष में खड़े हैं, वही आपके संस्कारों और चरित्र का पैमाना तय करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की माटी का प्रभु श्रीराम से रिश्ता याद दिलाते हुए कहा कि यह पावन भूमि माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। वनवास काल का एक बड़ा हिस्सा प्रभु ने हमारे वनांचलों में गुजारा था। यही वजह है कि यहां की लोकसंस्कृति, बोली और सांस-सांस में राम रचे-बसे हैं।

रावण की सैन्य ताकत की तुलना प्रभु के वनवासी जीवन से करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रावण के पास बाहुबल, अत्याधुनिक अस्त्र-शस्त्र और असीम संसाधन थे, मगर प्रभु श्रीराम के पास सच, धर्म और वनवासियों का सामूहिक पुरुषार्थ था। उन्होंने साबित किया कि सत्य की ताकत किसी भी साम्राज्यवादी अहंकार से कहीं बड़ी होती है। साथ ही कुंभकर्ण और मेघनाद के अंत का हवाला देते हुए उन्होंने चेताया कि गलत का साथ देने वाला कितना ही प्रतापी क्यों न हो, उसका विनाश तय है।

मंच से राष्ट्रीय सुरक्षा और राज्य की स्थिति पर बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने ऑपरेशन सिंदूर से साबित कर दिया है कि भारत आतंकवाद के सामने न झुकेगा और न समझौते करेगा। छत्तीसगढ़ में भी नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान जारी है। बस्तर के सुदूर कोनों में अब बारूद की जगह विश्वास और विकास की रोशनी पहुंच रही है।

अयोध्या धाम का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के जरिए अब तक प्रदेश के 49 हजार से अधिक लोग भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन कर चुके हैं। कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा और आयोजन समिति के प्रमुख जी. स्वामी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी से राम के आदर्शों को आचरण में उतारने की अपील की।

Related Articles

Back to top button