भारतीय क्रिकेटर हरलीन पहुंचीे हॉकी अकादमी, बच्चों को दिया सफलता का मंत्र
डिप्टी सीएम अरुण साव की पहल पर पहुंचीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरलीन देओल, खिलाड़ियों को सिखाए खेल के गुर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरलीन देओल ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की रायपुर आवासीय हॉकी अकादमी के बच्चों से खास मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने युवा खिलाड़ियों से दिल खोलकर बात की और मैदान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। देश के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेल चुकी दिग्गज क्रिकेटर को अपने बीच पाकर अकादमी के नन्हे खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।
यह खास कार्यक्रम उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल तथा छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका मकसद राज्य के उभरते खिलाड़ियों को एक अंतरराष्ट्रीय एथलीट के संघर्ष और कामयाबी की कहानी से रूबरू कराकर उन्हें प्रेरित करना था।
“सपने बड़े देखो, मेहनत पर भरोसा रखो”
हरलीन ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सिर्फ हुनर से कोई चैंपियन नहीं बनता, इसके लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य की जरूरत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा,
“आप मेहनत कीजिए, अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से प्रयास कीजिए। भगवान भी आपकी मदद करेंगे। अपने ऊपर विश्वास रखिए और देश के लिए खेलने का सपना जरूर देखिए।”
उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे अकादमी की बेहतरीन सुविधाओं और कोचों के मार्गदर्शन का पूरा फायदा उठाएं। हर दिन अपनी गलतियों से सीखें और खुद को पहले से बेहतर साबित करने की कोशिश करें।
क्रिकेट से हॉकी तक: खेल अलग, सोच एक
हरलीन ने समझाया कि भले ही क्रिकेट और हॉकी अलग-अलग खेल हैं, लेकिन जीत का फॉर्मूला एक ही है—फिटनेस, मानसिक मजबूती, अनुशासन और टीम भावना। मुश्किल हालात और दबाव के पलों में कैसे शांत रहकर बेहतर खेल दिखाया जाए, यह सीख खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी रही।
दूरदराज और आदिवासी अंचल के बच्चों को मिला नया हौसला
अकादमी में छत्तीसगढ़ के सुदूर और जनजातीय इलाकों से आए कई बच्चे रहकर ट्रेनिंग ले रहे हैं। परिवार से दूर खेल की बारीकियां सीख रहे इन बच्चों के लिए हरलीन की यह मुलाकात किसी टॉनिक से कम नहीं थी। उन्होंने बच्चों को समझाया कि कोई कहां से आता है, यह मायने नहीं रखता; अगर लगन सच्ची हो तो कोई भी रुकावट सपनों के आड़े नहीं आ सकती।
मुलाकात के बाद हरलीन ने सभी खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनके साथ दोस्ताना वक्त बिताया। कार्यक्रम के दौरान खेल अधिकारी शिवराज साहू, हॉकी कोच रश्मि तिर्की और सॉफ्टबॉल कोच टी.एन. रेड्डी समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





